अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पर लगाए अस्पताल को निशाना बनाकर हमला करने के आरोप
Pakistan-Afghanistan Conflict (आज समाज), काबुल : पाकिस्तान और अफगानिस्तान में एक बार फिर से बड़ा संघर्ष छिड़ने का समाचार है। इस बार पाकिस्तानी सेना पर आरोप लगा है कि उसने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के एक अस्पताल को निशाना बनाकर बमबारी की। इसमें काबुल स्थित एक नशा मुक्ति अस्पताल पूरी तरह से नष्ट हो गया। जिसके चलते उसमें उपचार के लिए दाखिल करीब 400 लोग मारे गए।
यह भी बताया गया है कि इस हमले में करीब 250 लोग घायल हुए हैं जिनमें से ज्यादा की हालत गंभीर है। बताया गया है कि पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले में अस्पताल के आसपास की इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। यह आरोप ऐसे समय सामने आया है जब दोनों देशों के बीच सीमा पर संघर्ष तीसरे सप्ताह में प्रवेश कर गया है। अफगान अधिकारियों के मुताबिक सोमवार को सीमा पर हुई गोलीबारी में चार लोगों की मौत और दस लोग घायल हुए।
हमले को लेकर यह बोला अफगानिस्तान
अफगानिस्तान के उप सरकारी प्रवक्ता हमदुल्लाह फितरत ने मंगलवार सुबह बताया कि सोमवार रात हुए हमले में अस्पताल का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया है। उन्होंने बताया कि अब तक मृतकों की संख्या 400 है, जबकि 250 लोग घायल हुए हैं। फितरत ने कहा कि बचाव दल इमारत में लगी आग पर काबू पाने और पीड़ितों के शवों को निकालने की कोशिश कर रहे हैं।
तालिबान सरकार के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया पर कहा कि पाकिस्तान की ओर से किया गया यह हमला अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि हमले में मारे गए और घायल हुए अधिकांश लोग अस्पताल में इलाज करा रहे नशा पीड़ित थे।
पाकिस्तान ने नकारे हमले के आरोप
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के प्रवक्ता मोशर्रफ जैदी ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि काबुल में किसी अस्पताल को निशाना नहीं बनाया गया। पाकिस्तान का कहना है कि उसकी सेना केवल उन ठिकानों पर कार्रवाई करती है, जहां से उसके खिलाफ हमले किए जाते हैं। इस बीच संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने भी अफगानिस्तान की तालिबान सरकार से आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का आह्वान किया है। पाकिस्तान लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान में मौजूद समूह, खासकर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान, देश के भीतर हमले करते हैं। काबुल इन आरोपों से इनकार करता रहा है।


