Morocco Earthquake Update: मोरक्को में भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या 2000 से ज्यादा, हजारों घायल

0
130
Morocco Earthquake Update
मोरक्को में भूकंप से मरने वाले लोगों की संख्या 2000 से ज्यादा हजारों घायल

Aaj Samaj (आज समाज), Morocco Earthquake Update, रबात: अफ्रीकी देश मोरक्को में आए जोरदार भूकंप के कारण मरने वाले लोगों की संख्या 2000 से अधिक है और हजारों घायल हैं। शुक्रवार रात को देश के मार्राकेश शहर के दक्षिण इलाके में शक्तिशाली भूकंप आया था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के अनुसार भूकंप का केंद्र मार्राकेश के दक्षिण-पश्चिम में एटलस पर्वत में था और तीव्रता 6.8 थी। वहीं मोरक्को जियोलॉजिकल सेंटर ने भूकंप की तीव्रता 7.2 बताई थी। देश के आंतरिक मंत्रालय के अनुसार 120 वर्षों में यह सबसे ताकतवर भूकंप है।

  • मार्राकेश में कई ऐतिहासिक संरचनाएं क्षतिग्रस्त
  • सैकड़ों इमारतें जमींदोज, हजारों लोग हुए बेघर 

बढ़ सकती है मरने वालों की संख्या

भूकंप आने के 48 घंटे बाद भी राहत एवं बचाव कार्य जारी है। हजारों घायल अस्पतालों में भर्ती हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर होने के चलते मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। सैकड़ों इमारतों के ढहने के कारण हजारों लोग बेघर हो गए हैं।  मोरक्कन सेना के एक बयान के अनुसार, वहां के किंग मोहम्मद VI ने सशस्त्र बलों को स्पेशल सर्च एंड रेस्क्यू टीम और एक सर्जिकल फील्ड हॉस्पिटल तैनात करने का निर्देश दिया है। देश 3 दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।

मार्राकेश शहर के पास हाई एटलस पर्वतों पर था केंद्र

मोरक्को के हाई एटलस पर्वतों को हिलाने वाले भूकंप के केंद्र के निकटतम शहर मार्राकेश में कई ऐतिहासिक संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गई​ हैं। लेकिन अधिकांश मौतें अल-हौज और तरौदंत प्रांतों के दक्षिण में पहाड़ी क्षेत्रों में दर्ज की गई हैं. इस बीच, खोज एवं बचाव दल मलबा हटाने और सड़कें साफ करने में जुटा है। भूकंप की गहराई 18.5 किमी मापी गई है।

दूर-दूर तक झटके महसूस किए गए

दक्षिण में सिदी इफनी से लेकर उत्तर में रबात और उससे भी आगे तक तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप का केंद्र एक प्रमुख आर्थिक केंद्र शहर मार्राकेशसे 72 किलोमीटर पश्चिम में था। तुर्किये आपदा और आपातकालीन प्रबंधन विभाग का कहना है कि उसने मोरक्को से इमरजेंसी अलर्ट मिलने की स्थिति में चिकित्सा, बचाव, खोज और राहत एजेंसियों के 260 से ज्यादा सदस्यों को अलर्ट पर रखा है।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE