G20 Summit 2023 LIVE Update: जी20 समिट का आज दूसरा दिन, नेताओं ने पीएम मोदी को पौधा भेंट कर दिया शांति का संदेश

0
148
G20 Summit 2023 LIVE Update
दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन में मौजूद समूह के नेता

Aaj Samaj (आज समाज), G20 Summit 2023 LIVE Update, नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय जी20 शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। समूह के नेताओं ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पौधा भेंट कर शांति का संदेश दिया। आज का सत्र जल्द शुरू होने वाला है।

आज का शेड्यूल

  • 8.15 बजे : मेहमानों का राजघाट पर आगमन। यहां निर्मित लीडर्स लाउंज में पीस वॉल पर दस्तखत करेंगे।
    9.00 बजे : राष्टÑपिता महात्मा गांधी की समाधि पर मेहमान श्रद्धा सुमन अपर्ति करेंगे। इसके बाद भक्ति गीतों का आयोजन होगा।
  • 9.20 बजे : मेहमान भारत मंडपम पहुंचेंगे।
  • 10.15 बजे : साउथ प्लाजा में पौधारोपण समारोह होगा।
  • 10.30 बजे : समिट हॉल में वन फ्यूचर पर तीसरा सेशन होगा। नई दिल्ली घोषणा पत्र का ऐलान। समापन एवं हस्तांतरण
  • 12.30 बजे : द्विपक्षीय मुलाकातें और मेहमानों का लौटना शुरू होगा।

सभी को एक साथ मिलकर चलने का समय : मोदी

पीएम मोदी के संबोधन के साथ कल शुरू हुए सम्मेलन के पहले दिन जी20 के नेताओं ने कई वैश्विक मुद्दों पर बातचीत की। पीएम मोदी ने कहा, एकजुट होकर चुनौतियों का सामना करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा, ‘भारत दुनिया से वैश्विक विश्वास की कमी को विश्वास और निर्भरता में बदलने का आह्वान करता है और यह हम सभी के लिए एक साथ आगे बढ़ने का समय है। पीएम ने कहा, आज सदियों पुरानी चुनौतियां हमसे नए समाधान की मांग कर रही हैं, इसलिए यह समय सभी को एक साथ मिलकर चलने का समय है।

हमें मानव केंद्रित नजरिये के साथ आगे बढ़ना होगा

हमें मानव केंद्रित नजरिये के साथ अपने हर दायित्व को निभाते हुए ही आगे बढ़ना है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत मोरक्को में आए जोरदार भूकंप में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त कर की। उन्होंने कहा, संकट की इस घड़ी में सभी मोरक्को के साथ खड़े हैं और भूकंप में हताहत हुए सभी लोगों की हम हर संभव मदद करेंगे। पीएम ने कहा, भारत सहित पूरी दुनिया इस समय मोरक्को के साथ खड़ी है और भूकंप में घायल हुए लोगों के शीघ्र ठीक होने की ईश्वर से हम कामना करते हैं।

बाइडेन सहित दुनियाभर के नेताओं का भारत मंडपम में जोरदार स्वागत

पीएम मोदी ने सम्मेलन के पहले दिन सुबह आयोजन स्थल, भारत मंडपम में अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सहित दुनियाभर के कई देशों के तमाम नेताओं के पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। उसके बाद उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित किया। पीएम ने इस दौरान कहा कि जी20 समिट में सभी प्रतिनिधियों का स्वागत है और इस 21वीं सदी में हम एक नई विश्व व्यवस्था देख रहे हैं। उन्होंने कहा, मानव-केन्द्रित दृष्टिकोण समय की मांग है। पीएम ने कहा, यदि हम कोविड-19 को हरा सकते हैं, तो हम भरोसे को लेकर पैदा किसी भी मुद्दे से लड़ सकते हैं।

विश्वास की कमी को अधिक भरोसेमंद संबंधों में बदलने का संकल्प : पीएम

हम दुनिया में विश्वास की कमी को अधिक भरोसेमंद संबंधों में बदलने का संकल्प लेते हैं। उन्होंने कहा, हमें वैश्विक भरोसे की कमी को घटाना होगा। मोदी ने यह भी कहा, भारत की जी20 की अध्यक्षता न केवल भारत में बल्कि दुनिया भर में समावेशन का प्रतीक है। उन्होंने कहा, हमें बेहतर भविष्य बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा। साथ मिलकर चलना होगा। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 21वीं सदी का यह समय पूरी दुनिया को नई दिशा दिखाने वाला और नई दिशा देने वाला एक महत्त्वपूर्ण समय है। भारत की जी20 प्रेसीडेंसी देश के भीतर और देश के बाहर समावेश और सबका साथ का प्रतीक बन गई है।

अगली पीढ़ियों के लिए खोजना होगा ठोस समाधान

पीएम मोदी ने कहा, आज के समय में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ का मंत्र हमारे लिए पथप्रदर्शक हो सकता है। चाहे उत्तर और दक्षिण के बीच विभाजन हो, पूर्व और पश्चिम के बीच की दूरी हो, भोजन और ईंधन का प्रबंधन हो, आतंकवाद हो, साइबर सुरक्षा हो, स्वास्थ्य हो, ऊर्जा हो या जल सुरक्षा हो, हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए ठोस समाधान खोजना होगा।

अफ्रीकी संघ बना समूह का 21वां सदस्य

अफ्रीकन यूनियन को भी जी20 में शामिल कर लिया गया है। सम्मेलन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने इसका प्रस्ताव रखा, जिसे सभी सदस्य देशों ने स्वीकार कर लिया। शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि ‘आप सभी के समर्थन से, मैं अफ्रीकी संघ को जी20 में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता हूं।

इसके बाद विश्व नेताओं की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कोमोरोस संघ के राष्ट्रपति और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष अजाली औसमानी को जी20 के सदस्य देशों के साथ आसन पर बिठाया। प्रधानमंत्री मोदी ने भी गले लगकर अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष को जी20 में शामिल होने पर बधाई दी। सम्मेलन के शुरू होने से पहले ही अफ्रीकन यूनियन के दिल्ली सम्मेलन में जी20 में शामिल किए जाने की चर्चा थी।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE