Morocco Earthquake: मोरक्को में 6.8 तीव्रता का भूकंप, 300 से ज्यादा लोगों की मौत

0
120
Morocco Earthquake

Aaj Samaj (आज समाज), Morocco Earthquake, रबात: अफ्रीकी देश मोरक्को में बड़ा भूकंप आया है जिसके कारण अब तक 300 से ज्यादा लोगों की मौत खबर है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक देश के आंतरिक मंत्रालय ने बताया है कि भूकंप कल देर रात आया और इसकी तीव्रता 6.8 मापी गई है। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने बताया कि स्थानीय समयानुसार भूकंप रात 11 बजकर 11 मिनट पर आया और इसका केंद्र मार्राकेश से 44 मील (71 किमी) दक्षिण-पश्चिम में 18.5 किमी की गहराई पर था। 150 से ज्यादा लोग घायल भी हुए हैं।

  • ऐतिहासिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा

झटकों के साथ कई सेकंड तक रहा भूकंप

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने भी भूकंप की तीव्रता 6.8 होने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक सेंट्रल मोरक्को बुरी तरह भूकंप की चपेट में आया है। झटकों के साथ भूकंप कई सेकंड तक रहा और लोग घबराकर अपने-अपने घर छोड़कर बाहर की तरफ भाग गए। स्थानीय लोगों ने बताया कि भूकंप के झटके 20 सेकंड तक महसूस किए गए। जलजले के कारण ऐतिहासिक इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है और बिजली की कटौती भी हो गई है। रॉयटर्स के मुताबिक 296 लोगों की मौत हुई है और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

पीएम मोदी ने जताया गहरा शोक, मदद का भरोसा दिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भूकंप से हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने एक्स पर (पूर्व में ट्विटर) पर दुख जताते हुए लिखा, मोरक्को में भूकंप के कारण हुई जानमाल के नुकसान से अत्यंत दुख हुआ। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं मोरक्को के लोगों के साथ हैं। पीएम ने कहा, मेरी उन लोगों के प्रति संवेदना जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं। भारत इस कठिन समय में मोरक्को को हर संभव सहायता देने के लिए तैयार है।

ट्विटर पर सामने आए कई डरा देने वाले वीडियो

ट्विटर पर कई डरा देने वाले वीडियो सामने आए हैं। वीडियो में क्षतिग्रस्त इमारतों और मलबा सड़कों पर बिखरा है और लोग घबरा कर भागते हुए नजर आ रहे हैं। भूकंप के बाद कुछ लोग सड़कों के बीच में सो रहे हैं। वे अपने घरों के अंदर नहीं गए और उन्होंने रात सड़क पर बिताने का फैसला किया। रॉयटर्स के मुताबिक मार्राकेश के पुराने शहर में कुछ इमारतें ढह गईं।

खबर अपडेट की जा रही है

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE