उत्तर-पश्चिमी चलेंगी हवाएं, ठंड का होगा अहसास
Haryana Weather Update: (आज समाज), चंडीगढ़: हरियाणा में एक बार फिस से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव से पिछले कुछ दिन से पड़ रही भीषण गर्मी से प्रदेश के लोगों को राहत मिलेगी। मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश के 4 जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। जिन जिलों में बारिश हो सकती है। उनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात और पलवल शामिल है। इसके अलावा प्रदेश में आज से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड का अहसास होगा।
करनाल रहा सबसे अधिक गर्म
बता दें कि, रविवार को सबसे ज्यादा तापमान करनाल का 37.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम तापमान यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज के आसपास 30.9 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं रात के तापमान की बात करें तो रात में सबसे ज्यादा तापमान फरीदाबाद में 27.8 डिग्री और नारनौल (महेंद्रगढ़) में सबसे कम 23 डिग्री दर्ज किया गया है। आगामी दिनों में रात को तापमान और गिरेगा, जिससे ठंड बढ़ने की संभावना है।
3 अक्टूबर तक परिवर्तनशील मौसम
चौधरी चरण सिंह हरियाणा विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि अरब सागर में दबाव का क्षेत्र बनने से हवाओं में बदलाव की संभावना है। इसके चलते हरियाणा में मौसम आमतौर पर 3 अक्टूबर तक परिवर्तनशील रहने तथा बीच-बीच में आंशिक बादल रहने की संभावना है।
दिन और रात के तापमान में आएगी गिरावट
इस दौरान अरब सागर से नमी वाली हवाएं आने से दक्षिण हरियाणा के रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, गुरुग्राम, फरीदाबाद व आसपास के क्षेत्रों में आज और कल हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 1 अक्टूबर से 3 अक्टूबर तक राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान हवाओं में बदलाव तथा उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने से दिन और रात के तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है।
प्रदेश में सामान्य से 38 फीसदी अधिक हो चुकी बारिश
बता दें कि एक जून से 22 सितंबर तक करीब 114 दिनों हरियाणा में मानसून सक्रिय रहा और इस दौरान प्रदेश में 568 एमएम बारिश हुई, जबकि सामान्य बारिश 409.07 एमएम बारिश होती है। इस पूरे सीजन में सामान्य से 38 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा बारिश यमुनानगर में 1116.5 एमएम दर्ज की गई है, जबकि सबसे कम बारिश सिरसा में 346.6 एमएम दर्ज की गई है।