फंदे से लटके मिले पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी के थे करीबी, 5 बार रहे विधायक

0
256

TMC leader Ashish Banerjee found dead: पश्चिम बंगाल विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष और तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता आशीष बनर्जी रविवार को बीरभूम जिले के रामपुरहाट स्थित पार्टी कार्यालय में मृत पाए गए। पुलिस के मुताबिक उनका शव फंदे से लटका मिला। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। टीएमसी की सरकार में वह शिक्षा मंत्री और कृषि मंत्री जैसे अहम मंत्रालय संभाल चुके थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि पार्टी कार्यालय से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद किया गया है।

ध्रुब साहा से मिली थी हार

आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा सीट से पांच बार विधायक चुने गए थे। हालांकि, इस साल की शुरुआत में हुए राज्य विधानसभा चुनाव में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के ध्रुबा साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। आशीष बनर्जी उस समय पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर थे, जब तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी राज्य की मुख्यमंत्री थीं। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में पार्टी के भीतर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली थीं।

भाई ने उन्हें फंदे से लटका देखा

आशीष बनर्जी के भाई प्रशांत बनर्जी ने मीडिया को बताया, ”दरवाजे में एक छोटा सा छेद था और उसमें रस्सी लटकी हुई दिखाई दी। इससे उन्हें कुछ संदेह हुआ। इसके बाद, परिवार के सभी सदस्यों को बुलाया गया और पुलिस को सूचना दी गई। हमारी रोज बैठक होती थी। रात में भी सबकुछ सामान्य लग रहा था। वह दिन भर कार्यालय में रहते थे। कल स्वतंत्रता दिवस पर उन्होंने झंडा भी फहराया था।”

प्रमुख मंत्रालयों को संभाला

आशीष बनर्जी ने ममता बनर्जी के पहली बार सत्ता में आने के बाद राज्य सरकार में शिक्षा और कृषि मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली थी। लंबे राजनीतिक सफर के दौरान वह पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे।

जून में कोर कमेटी से दिया था इस्तीफा

उन्होंने जून में तृणमूल की बीरभूम जिला कोर कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि, उन्होंने घोषणा की थी कि वे पार्टी के सामान्य सदस्य बने रहेंगे। 70 साल के आशीष बनर्जी राजनीति के कद्दावर चेहरों में से एक माने जाते थे। आशीष बनर्जी रामपुरहाट के हत्तलापारा इलाके में रहते थे। उनके निधन की खबर फैलते ही तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों की बड़ी संख्या पार्टी कार्यालय के बाहर जुट गई।

  • TAGS
  • [post_tags]