- पाकिस्तान ने ईरानी विमानों को अपने यहां उतरने की इजाजत दी
West Asia Conflict, (आज समाज), वॉशिंगटन: ऐसा लगता है कि पाकिस्तान एक तरफ तो मध्यस्थ बनने की कोशिश कर रहा है, और दूसरी तरफ दोनों पक्षों का साथ देने की दोहरी चाल चल रहा है। वह लगातार खुद को पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष में एक मध्यस्थ के तौर पर पेश करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, पाकिस्तान की ‘दोनों तरफ खेलने’ की इस रणनीति ने अमेरिकी प्रशासन के भीतर अविश्वास पैदा कर दिया है। इसका संकेत तब मिला जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी शांति पहल पर ईरान की प्रतिक्रिया को खारिज कर दिया। ईरान की यह प्रतिक्रिया पाकिस्तान के जरिए ही वॉशिंगटन डीसी तक पहुंचाई गई थी।
पाकिस्तान ने की है बातचीत के दौर की मेजबानी
पाकिस्तान ने ही ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत के दौर की मेजबानी भी की थी। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप के कुछ करीबी लोगों ने वॉशिंगटन और तेहरान के बीच मध्यस्थ के तौर पर पाकिस्तान की भूमिका पर चिंता जताई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि अमेरिकी प्रशासन इस बात पर सवाल उठा रहा है कि क्या पाकिस्तान शांति प्रक्रिया की मौजूदा स्थिति को लेकर राष्ट्रपति ट्रंप की ‘नाराजगी’ को सही तरीके से ईरान तक पहुंचा रहा है या नहीं।
असलियत से कहीं ज्यादा सकारात्मक तस्वीर पेश कर रहा ईरान
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि कुछ अधिकारियों का मानना है कि पाकिस्तान ईरान के रुख को लेकर अमेरिका के सामने असलियत से कहीं ज्यादा सकारात्मक तस्वीर पेश कर रहा है। एक अन्य रिपोर्ट में पाकिस्तान के इस खतरनाक ‘दोहरे खेल’ का एक और सबूत पेश करते हुए बताया गया कि पाकिस्तान ने चुपके से ईरानी सैन्य विमानों को अपने हवाई अड्डों पर उतरने की इजाजत दे दी थी। ऐसा संभवत: उन्हें अमेरिकी हवाई हमलों से बचाने के लिए किया गया था, जबकि उसी समय पाकिस्तान खुद को एक मध्यस्थ के तौर पर पेश कर रहा था। इस रिपोर्ट में दो अमेरिकी अधिकारियों का हवाला देते हुए बताया गया कि ईरान ने अपने कुछ नागरिक विमानों को अफगानिस्तान में भी भेजा था, लेकिन यह स्पष्ट नहीं था कि उन उड़ानों में कोई सैन्य विमान भी शामिल थे या नहीं।
ये भी पढ़ें : US-Iran War Update : अमेरिका के लिए मुसीबत बन रहा ईरान युद्ध


