
Telangana News, (आज समाज), हैदराबाद: केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को एयर फोर्स एकेडमी (एएफए) में 217वें कोर्स की कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड (सीजीपी) के दौरान नए ग्रेजुएट हुए कैडेट्स को सलाह दी कि वे युद्ध जैसी स्थितियों में खुद को ढालें, नई चीजें अपनाएं और जरूरत पड़ने पर बदलाव करें। साथ ही, उन्होंने नई सोच लाने, उसे लागू करने और इन सभी में बढ़त हासिल करने की भी बात कही।
ट्रेनिंग पूरी करने पर ट्रेनीज को दी बधाई
रक्षा मंत्री ने समारोह के दौरान ट्रेनिंग पूरी करने पर ट्रेनीज को बधाई दी। उन्होंने कहा, आज, भारतीय वायु सेना एकेडमी की कंबाइंड ग्रेजुएशन परेड में आप सभी के बीच होना मेरे लिए गर्व की बात है। सबसे पहले, मैं आप सभी को आपकी ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी करने पर बधाई देता हूं।
केवल 13 दिन में रच दिया था इतिहास
राजनाथ ने कहा, यह एक ऐसी सेवा है जिसने 1947-48 में श्रीनगर एयरलिफ़्ट के जरिए कश्मीर युद्ध की दिशा बदल दी थी, और जिसने 1971 में ढाका पर निर्णायक हवाई हमलों के जरिए केवल 13 दिन में इतिहास रच दिया था। आप इसी सेवा का हिस्सा बनने जा रहे हैं। भारतीय वायु सेना हमेशा भारत की ढाल और तलवार दोनों बनकर खड़ी रही है।
अभी शुरू ही हुआ है कैडेट्स का सफर
रक्षा मंत्री ने कहा कि आज जब कैडेट्स के जीवन का सफर खत्म हो रहा है तो उन्हें संतुष्टि और उत्साह दोनों महसूस हो रहा होगा। लेकिन उन्होंने उन्हें याद दिलाया कि उनका सफर तो अभी शुरू ही हुआ है। उन्होंने कहा कि वे एक ऐसी सेवा में शामिल हो रहे हैं जिसने देश की हर पुकार पर हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है। आपरेशन सिंदूर के दौरान असाधारण प्रदर्शन पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि वायु सेना ने स्पष्टता और सटीकता के साथ काम किया और आतंकवादी ठिकानों को नष्ट किया। राजनाथ ने कहा कि यह आपरेशन न केवल स्वदेशी प्लेटफॉर्म की वजह से सफल हुआ, बल्कि प्रशिक्षित, साहसी और अनुशासित वायु सेना अधिकारियों के महत्वपूर्ण योगदान की वजह से भी सफल रहा।
ये भी पढ़ें: Defence Council: सरकार ने 2.38 लाख करोड़ रुपए के रक्षा खरीद प्रस्तावों को मंजूरी दी

