Rajnath Singh, (आज समाज), नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत ने अपनी मर्जी और अपनी शर्तों पर ‘आपरेशन सिंदूर’ रोका था। उन्होंने कहा, भारतीय सुरक्षा बल पाकिस्तान के खिलाफ एक लंबी लड़ाई के लिए तैयार थे। राजनाथ ने गुरुवार को राष्ट्रीय सुरक्षा सम्मेलन को संबोधित करते हुए ‘आपरेशन सिंदूर’ को याद करने के साथ ही आतंकवाद को लेकर एक बार फिर पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान पर निशाना साधा।
पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र
रक्षा मंत्री ने पाकिस्तान को अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद का केंद्र बताया। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। ‘आपरेशन सिंदूर’ को याद करते हुए राजनाथ ने आतंकवाद की वैचारिक व राजनीतिक जड़ों को उखाड़ फेंकने का भी आह्वान किया। उन्होंने भारत की ‘जीरो टॉलरेंस पॉलिसी’ (बिल्कुल भी बर्दाश्त न करने की नीति) की तारीफ की।
पाक की परमाणु हमले की धमकी से नहीं डरा भारत
बता दें कि आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में पिछले साल 22 अप्रैल को धर्मू पूछकर 26 पर्यटकों की गोली मारकार हत्या कर दी थी। भारत ने इसके प्रतिशोध में हमले के लिए जिम्मेदार आतंकियों के खिलाफ ‘आॅपरेशन सिंदूर’ चलाया था और पाकिस्तान में घुसकर आतंकी अड्डे तबाह किए थे। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि ‘आॅपरेशन सिंदूर’ के दौरान भारत परमाणु हमले की धमकी के झांसे में नहीं आया।
आपरेशन सिंदूर नई विश्व व्यवस्था का प्रतीक
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि आॅपरेशन सिंदूर को लगभग एक साल हो गया है और हमारा आॅपरेशन सिंदूर भी इस नई विश्व व्यवस्था का प्रतीक है। उन्होंने कहा, यह एक ऐसा मोड़ था जिसने पूरी दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अब वह देश नहीं रहा जो पुरानी सोच पर चलता है,जहां हमारी जमीन पर आतंकी हमले होते थे और हम केवल कूटनीतिक बयान जारी करके रह जाते थे।
आतंकी गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
रक्षा मंत्री ने बतया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, हमारी सरकार ने साफ कर दिया है कि किसी भी परिस्थिति में किसी भी तरह की आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि तब से भारतीय सशस्त्र बलों ने अपनी क्षमताओं का विस्तार किया है और अचानक जरूरत पड़ने पर वे पूरी तरह से सक्षम हैं। राजनाथ ने कहा, ‘आॅपरेशन सिंदूर’ के दौरान हमने ठीक उन्हीं लोगों को निशाना बनाया जिन्होंने हम पर हमला किया था।
यह भी पढ़ें : India Defence Exports: भारत ने रक्षा निर्यात में हासिल किया ऐतिहासिक मील का पत्थर : राजनाथ


