PM Modi Foreign Visit, एम्स्टर्डम: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पांच देशों के छह दिवसीय दौरे के दूसरे चरण के तहत नीदरलैंड पहुंच गए हैं। पहले पड़ाव में वह शुक्रवार को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की राजधानी अबू धाबी पहुंचे थे। नीदरलैंड के अलावा स्वीडन, नॉर्वे और इटली वह जाएंगे। शुक्रवार शाम को प्रधानमंत्री नीदरलैंड की राजधानी एम्स्टर्डम पहुंचे थे। मोदी, संयुक्त अरब अमीरात में लगभग ढाई घंटे ठहरे। उन्होंने वहां अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ बातचीत की।
डच अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर मोदी का स्वागत किया
रियर एडमिरल लुडगर ब्रुमेलेर (महामहिम राजा के एडजुटेंट-जनरल और मिलिट्री हाउसहोल्ड के प्रमुख), डच विदेश मंत्री टॉम बेरेंडसेन, नीदरलैंड में भारत के राजदूत कुमार तुहिन और अन्य उच्च-रैंकिंग वाले डच अधिकारियों ने एम्स्टर्डम हवाई अड्डे पर पीएम मोदी का स्वागत किया। पीएम ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, एम्स्टर्डम पहुंच गया हूं। नीदरलैंड की यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत-यूरोपियन यूनियन (ईयू) मुक्त व्यापार समझौते ने व्यापार और निवेश के संबंधों को एक बड़ी गति दी है।
कई क्षेत्रों में सहयोग गहरा करने के लिए बातचीत करेंगे
प्रधानमंत्री मोदी डच प्रधानमंत्री रॉब जेटेन के साथ व्यापार, प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर रक्षा और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को और गहरा करने के लिए बातचीत करेंगे। इस यात्रा के दौरान उनके विलेम-अलेक्जेंडर और मैक्सिमा से मिलने और भारतीय समुदाय तथा डच व्यापार जगत के नेताओं के साथ बातचीत करने की भी उम्मीद है। उन्होंने कहा, यह सेमीकंडक्टर, जल, स्वच्छ ऊर्जा और अन्य क्षेत्रों में संबंधों को और गहरा करने का अवसर प्रदान करता है।
सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित कर सकते हैं प्रधानमंत्री
विदेश मंत्रालय (MEA) के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपनी यात्रा के दौरान एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित कर सकते हैं। उन्होंने बताया इस यात्रा से भारत-नीदरलैंड्स की बहुआयामी साझेदारी को और मज़बूत करने और मुख्य भूमि यूरोप में सबसे बड़े भारतीय समुदाय के साथ जुड़ने का अवसर मिलेगा।
नीदरलैंड यूरोप में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक
पीएम मोदी की 15 से 17 मई तक यूरोपीय देश नीदरलैंड्स की यह यात्रा 2017 की यात्रा के बाद दूसरी यात्रा है और अधिकारियों के अनुसार, यह भारत-नीदरलैंड संबंधों में एक अहम मोड़ पर हो रही है। 2024–2025 में 27.8 बिलियन यूएसडी के द्विपक्षीय व्यापार के साथ, नीदरलैंड यूरोप में भारत के सबसे बड़े व्यापारिक साझेदारों में से एक है। अधिकारियों के अनुसार, कुल 55.6 बिलियन USD के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के साथ, यह भारत का चौथा सबसे बड़ा निवेशक भी है।
ये भी पढ़ें : PM Modi UAE Visit: खत्म होगा एलपीजी का संकट, भारत-यूएई के बीच हुआ समझौता


