- फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे पीएम
PM Modi, (आज समाज), नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को फ्रांस की आधिकारिक यात्रा के लिए नई दिल्ली से रवाना हुए। वे जी7 समिट में हिस्सा लेंगे और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। इसके अलाव वह स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा (स्टेट-विजिट) भी करेंगे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए इस देश की पहली यात्रा होगी।
सोमवार को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक
इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर पीएम मोदी 13-14 जून 2026 को नीस और 16-19 जून 2026 को एवियन व पेरिस में फ्रांस की आधिकारिक यात्रा करेंगे। यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री सोमवार को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए नीस जाएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा करेंगे, जिन्हें इस साल की शुरूआत में ‘विशेष वैश्विक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक बढ़ाया गया था।
भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का उद्घाटन
पीएम मोदी और मैक्रों नीस में संयुक्त तौर पर भारत इनोवेट्स कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे। इस कार्यक्रम में भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख इनोवेशन स्टार्टअप और वेंचर कैपिटल फंड एक साथ आएंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि भारत-फ्रांस इनोवेशन वर्ष के दौरान आयोजित होने वाला यह खास कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद जीवंत इनोवेशन साझेदारी को और मजबूत करेगा।
प्रधानमंत्री 14-16 जून तक स्लोवाकिया के दौरे पर
स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर, प्रधानमंत्री मोदी 14-16 जून 2026 तक इस देश की राजकीय यात्रा करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया है कि 1993 में स्लोवाकिया की आजादी के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली यात्रा होगी। उनकी यह यात्रा अप्रैल 2025 में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा और फरवरी 2026 में एआई इम्पैक्ट समिट के लिए स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी की भारत यात्रा के बाद हो रही है।
स्लोवाकिया : प्रधानमंत्री फिको के साथ बातचीत करेंगे मोदी
मोदी, प्रधानमंत्री फिको के साथ बातचीत करेंगे और सहयोग के नए रास्ते तलाशेंगे। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। यह दौरा व्यापार, निवेश और आटोमोबाइल व रेलवे मैन्युफैक्चरिंग जैसे कई क्षेत्रों में स्लोवाकिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के भारत के संकल्प को फिर से दोहराएगा। पीएम मोदी दौरे के तीसरे चरण मे 16-17 जून 2026 को फ्रांस के एवियन में जी7 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
शिखर सम्मेलन के दौरान, वह जी7 नेताओं और आमंत्रित सहयोगी देशों व अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श करेंगे। दौरे के आखिरी चरण में, प्रधानमंत्री 18 जून 2026 को पेरिस जाएंगे। वहां वे और द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट, ‘विवटेक समिट’ में शामिल होंगे। उम्मीद है कि प्रधानमंत्री पेरिस में भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।
यह भी पढ़ें : Nari Shakti 12 Years: प्रधानमंत्री का महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास के लिए एनडीए के प्रयासों पर जोर


