NEET-UG Re-Exam: नागपुर के अभ्यर्थी को मिला अबू धाबी का परीक्षा केंद्र, उठे सवाल

0
171
NEET-UG Re-Exam
NEET-UG Re-Exam: नागपुर के अभ्यर्थी को मिला अबू धाबी का परीक्षा केंद्र, परिवार परेशान

NEET-UG Re-Exam, नागपुर: महाराष्ट्र के नागपुर से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नीट-यूजी री-एग्जाम देने जा रहे एक छात्र के एडमिट कार्ड में परीक्षा केंद्र भारत की बजाय संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी में आवंटित कर दिया गया। इससे छात्र और उसका परिवार सदमे में है। अब परिवार ने परीक्षा केंद्र नागपुर में दिए जाने की मांग की है। नागपुर निवासी नीट अभ्यर्थी अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के परिवार का दावा है कि 21 जून को होने वाली नीट-यूजी री-की परीक्षा के लिए जारी एडमिट कार्ड में उनका परीक्षा केंद्र अबू धाबी के एक स्कूल में दिखाया गया।

नया एडमिट कार्ड जारी करने का मिला है आश्वासन

छात्र के पिता मोहम्मद तालिब ने बताया कि गुरुवार शाम करीब 4 बजे जब एडमिट कार्ड डाउनलोड किया गया, तो उसमें परीक्षा केंद्र अबू धाबी का एक स्कूल लिखा हुआ था। यह देखकर पूरा परिवार हैरान रह गया क्योंकि आवेदन के दौरान उन्होंने ऐसा कोई विकल्प नहीं चुना था। परिवार ने तुरंत नीट की हेल्पलाइन पर संपर्क किया। वहां से उन्हें ई-मेल भेजने के लिए कहा गया। ई-मेल भेजने के बाद उन्हें फोन आया और आश्वासन दिया गया कि शनिवार शाम 4 बजे तक नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा।

सेंटर के लिए दिया था 3 जिलों का विकल्प : तालिब

मोहम्मद तालिब का कहना है कि उन्होंने परीक्षा केंद्र के लिए तीन जिलों का विकल्प दिया था, लेकिन अब उनका अनुरोध है कि उनके बेटे का परीक्षा केंद्र नागपुर ही बनाया जाए, क्योंकि परीक्षा में बहुत कम समय बचा है और किसी दूसरे जिले में जाना भी मुश्किल होगा। उन्होंने बताया कि इस घटना से उनका बेटा मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया है। वह इतना आहत हुआ कि उसने परीक्षा देने से भी इनकार कर दिया था। बाद में उसकी मां ने उसे समझाया।

समय रहते परीक्षा केंद्र बदलने का इंतजार

परिवार का कहना है कि यदि छात्र मानसिक रूप से तैयार हो पाया, तभी वह परीक्षा में शामिल होगा। छात्र के पिता ने यह भी बताया कि उनके बेटे के पास पासपोर्ट तक नहीं है, ऐसे में विदेश जाकर परीक्षा देना संभव ही नहीं था। फिलहाल परिवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की ओर से नए एडमिट कार्ड का इंतजार है। अब देखना होगा कि समय रहते छात्र का परीक्षा केंद्र बदला जाता है या नहीं, ताकि वह बिना किसी परेशानी के नीट-यूजी री-एग्जाम में शामिल हो सके।

ये भी पढ़ें : Kolkata News: एयरपोर्ट पर खराब मौसम के बीच इंडिगो के विमान पर गिरी बिजली, बाल-बाल बचे 141 यात्री

  • TAGS
  • [post_tags]