- मामले में अब तक आठ आरोपी दबोचे
NEET Paper Leak, (आज समाज), नई दिल्ली: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक मामले में पुणे के केमिस्ट्री लेक्चरर पीवी कुलकर्णी को गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर मामले का मुख्य सरगना होने के आरोप हैं। इस मामले में एजेंसी अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। नीट परीक्षा पेपर लीक के कारण लगभग 23 लाख छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
कुलकर्णी गिरफ़्तार किया गया आठवां व्यक्ति
सीबीआई ने दावा किया है कि उसने इस साज़िश के ‘सरगना’ को गिरफ़्तार कर लिया है। जांच एजेंसी ने शुक्रवार को बताया कि उसने पुणे के एक केमिस्ट्री प्रोफ़ेसर पीवी कुलकर्णी को हिरासत में ले लिया है और उन्हें इस लीक का मुख्य स्रोत बताया है। अधिकारियों ने कहा कि कुलकर्णी इस मामले में एजेंसी द्वारा गिरफ़्तार किया गया आठवां व्यक्ति है। उन्होंने बताया कि कुलकर्णी को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए ) की ओर से परीक्षा प्रक्रिया में शामिल होने के कारण मेडिकल प्रवेश परीक्षा के पेपर तक पहुंच प्राप्त थी और उसने छात्रों को प्रश्न लीक करने के लिए इस पहुंच का दुरुपयोग किया।
महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है कुलकर्णी
कुलकर्णी मूल रूप से महाराष्ट्र के लातूर का रहने वाला है। वह पुणे स्थित अपने आवास पर ‘राज कोचिंग क्लासेस’ के नाम से निजी तौर पर भी पढ़ाता था। ऐसी ही एक क्लास नीट परीक्षा से ठीक पहले अप्रैल के अंतिम सप्ताह में आयोजित की गई थी। इस सत्र के दौरान, उसने छात्रों को प्रश्न, उनके विकल्प और सही उत्तर बोलकर लिखवाए, जिन्हें छात्रों ने अपनी-अपनी कॉपियों में नोट कर लिया।
मिलान के दौरान कई प्रश्न हूबहू मेल खा गए
एक अधिकारी ने बताया कि जब छात्रों की कॉपियों में लिखे प्रश्नों का मिलान 3 मई को आयोजित परीक्षा के मूल प्रश्न पत्र से किया गया, तो कई प्रश्न हूबहू मेल खा गए। इस तथ्य ने सीबीआई को यह स्थापित करने में मदद की कि पेपर लीक का स्रोत कोई ऐसा व्यक्ति था जो सीधे तौर पर परीक्षा प्रक्रिया से जुड़ा हुआ था।
ये भी पढ़ें : NEET UG EXAM: अगले साल से आॅनलाइन होगी नीट-यूजी परीक्षा: धर्मेंद्र प्रधान


