Manipur Breaking: कांगपोकपी के गांव में दंपति सहित 3 लोगों की गोली मारकर हत्या

0
145
Manipur Breaking
Manipur Breaking: कांगपोकपी जिले में दंपति सहित 3 लोगों की गोली मारकर हत्या
  • उपद्रवियों ने कई घरों को आग लगाई

Manipur Breaking, (आज समाज), इंफाल: पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में शांति बहाली के प्रयासों के बीच एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। कांगपोकपी जिले के लोइबोल खुलेन गांव (Loibol Khulen Village) में शुक्रवार सुबह हुई हिंसा की ताजा वारदात में दंपति सहित 3 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इसके अलावा उपद्रवियों ने कुकी समुदाय के कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया।

अलसुबह 4: 10 मिनट पर हुई गोलीबारी की वारदात

लोइबोल खुलेन गांव न्यू केइथेलमानबी थाना क्षेत्र में आता है और स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार अलसुबह तकरीबन 4 बजकर 10 मिनट गांव में सुबह अचानक दो गुटों के बीच भारी फायरिंग शुरू हो गई। इसके बाद इलाके में तनाव का माहौल है। सुरक्षा बल स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। अब तक आधिकारिक तौर पर इस झड़प में संलिप्त गुटों की पुष्टि नहीं की गई है।

उग्रवादी गुटों पर हमले का आरोप 

कुकी संगठन ने उग्रवादी गुटों पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। सूत्रों ने बताया कि हिंसक झड़प में इलाके के 3 ग्रामीणों की मौत हो गई जिनमें दो पति-पत्नी हैं। मारे गए दंपति में लेतखोंगाम हाओकिप व उनकी पत्नी टिनमैरी हाओकिप शामिल हैं। अन्य नागरिक की पहचान जांगमिनलाल हाओकिप के तौर पर हुई है।

7 घर पूरी तरह नष्ट : कुकी इनपी मणिपुर 

स्थानीय लोगों कहा कहना है कि 3 घर जलाए गए हैं, वहीं कुकी इनपी मणिपुर (केआईएम) नाम के संगठन ने का दावा है कि उपद्रवियों ने अटैक में कम से कम 7 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं और लोगों की संपत्ति को भी बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया गया है। केआईएम ने वारदात की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे बर्बर हमला बताया है।

संगठन का आरोप है कि उग्रवादी संगठन जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट और एनएससीएन-आईएम के हथियारबंद कैडरों ने हमले को अंजाम दिया है। हालांकि अब तक इन आरोपों की स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं की जा सकी है और न ही नामित संगठनों की और से कोई प्रतिक्रिया आई है।

मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन : केआईएम

केआईएम ने फायरिंग में तीन लोगों की मौत को मानवाधिकारों का घोर उल्लंघन बताया है। साथ ही संगठन ने भारत सरकार व सुरक्षा एजेंसियों से तुरंत मामले की गहन जांच शुरू करने की मांग की है। संगठन ने कहा है कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कह कि संवेदनशील गांवों की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए जाएं।

ये भी पढ़ें : Manipur Insurgency: प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी का नेता दिल्ली से गिरफ्तार