PM Modi Malaysia Visit Today Updates, (आज समाज), कुआलालंपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मलेशिया दौरे के दूसरे और आखिरी दिन आज कुआलालंपुर में संयुक्त प्रेस बयान के दौरान आतंकवाद पर भारत के रुख का जिक्र किया और साथ ही शांति के लिए किए जा रहे सभी प्रयासों के लिए नई दिल्ली के लगातार समर्थन को उन्होंने रेखांकित किया। साथ ही दोनों देशों के बीच घनिष्ठ संबंधों पर प्रकाश डाला।
आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट : प्रधानमंत्री मोदी
प्रधानमंत्री ने भारत के लगातार रुख को दोहराते हुए जोर देकर कहा कि आतंकवाद पर हमारा संदेश स्पष्ट है और इस मामले में न कोई दोहरा मापदंड है और न आतंकवाद कोई समझौता है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत-मलेशिया रक्षा सहयोग का विस्तार करते हुए आतंकवाद विरोधी, खुफिया जानकारी साझा करने व समुद्री सुरक्षा सहित सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करेंगे।
सदियों से हमारे लोगों के बीच गहरे व स्नेहपूर्ण संबंध
पीएम मोदी ने भारत-मलेशिया के संबंधों को बहुत खास बताया और कई क्षेत्रों में जुड़ाव को व्यापक बनाने के लिए दोनों पक्षों की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने कहा, भारत और मलेशिया के बीच एक खास रिश्ता है। उन्होंने कहा, हम समुद्री पड़ोसी हैं और सदियों से हमारे लोगों के बीच गहरे और स्नेहपूर्ण संबंध रहे हैं।
हिंद-प्रशांत क्षेत्र विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध
पीएम मोदी ने बताया मलेशिया आज भारतीय मूल की आबादी वाला दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा देश है। उन्होंने कहा, हमारी सभ्यताएं, साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्य हमें एक साथ बांधते हैं। पीएम ने
मलेशिया को उसकी सफल आसियान अध्यक्षता के लिए बधाई दी और व्यापक क्षेत्रीय दृष्टिकोण की भी रूपरेखा उन्होंने बताई। उन्होंने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र विकास, शांति और स्थिरता के लिए प्रतिबद्ध है व भारत आसियान की केंद्रीयता को प्राथमिकता देता है।
जाकिर नाइक का प्रत्यर्पण मामला
मलेशिया में पीएम मोदी की यह टिप्पणी भारत द्वारा यह संकेत दिए जाने के कुछ दिनों बाद आई है कि भगोड़े उपदेशक जाकिर नाइक का प्रत्यर्पण मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ चर्चा के दौरान उठाए जाने वाले कई मुद्दों में से एक होगा। प्रधानमंत्री के मलेशिया दौरे से पहले, विदेश मंत्रालय ने कहा कि नाइक के प्रत्यर्पण के बारे में पूछे जाने पर बातचीत में सहयोग के कई क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा।
यात्रा के दौरान सभी मुद्दों पर की जाएगी चर्चा : पी कुमारन
यात्रा से पहले की ब्रीफिंग में इस मामले को संबोधित करते हुए, सचिव (पूर्व) पी कुमारन ने कहा, जहां तक जाकिर नाइक का सवाल है, मैं आपको विश्वास दिला सकता हूं कि यात्रा के दौरान सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा, हमें पिछली यात्राओं में भी विभिन्न स्तरों पर इन मुद्दों पर चर्चा करने के अवसर मिले हैं।
हम सभी तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने तक इस मुद्दे को उठाते रहेंगे और हमें उम्मीद है कि हमें वह परिणाम मिलेगा जो हम चाहते हैं। अगस्त 2024 में भारत दौरे के दौरान, अनवर इब्राहिम ने कहा था कि अगर नाइक से जुड़े मामले में पर्याप्त सबूत पेश किए जाते हैं, तो मलेशिया आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा।
ये भी पढ़ें : PM Modi Visit Updates: भारत-मलेशिया के बीच समझौता ज्ञापनों सहित 11 दस्तावेजों का आदान-प्रदान


