अपनी सफाई में बोले मादुरो, मैं सभ्य व्यक्ति, मैंने कोई अपराध नहीं किया
US-Venezuela Conflict (आज समाज), न्यूयॉर्क : वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो इन दिनों अमेरिका की हिरासत में हैं। गत दिवस उनको न्यूयॉर्क कोर्ट में पेश किया गया। अमेरिकी ड्रग एजेंसी की टीम मादुरो को अदालत में पेश करने के लिए हेलिकॉप्टर से न्यूयॉर्क लेकर आई। अदालत में मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को एक साथ पेश किया गया।
यह मादुरो की पहली पेशी थी। सुनवाई के दौरान मादुरो के पैरों में बेड़ियां लगी हुई थीं। वह और उनकी पत्नी एक ही मेज पर बैठे थे और दोनों ने हेडफोन लगाए थे ताकि अदालत में कही जा रही बातों को अपनी भाषा में समझ सकें। जज ने अदालत में दोनों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को पढ़कर सुनाया।
अपनी सफाई में यह बोले मादुरो
इस दौरान मादुरो ने अदालत में खुद पर लगे सभी आरोपों को गलत बताया। मादुरो ने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। वे सभ्य व्यक्ति हैं। जज अल्विन हेलेरस्टेन ने मादुरो को चेतावनी दी कि इस तरह के बयान बाद में उनके खिलाफ इस्तेमाल हो सकते हैं। साथ ही कहा कि इन मुद्दों पर बहस का समय बाद में आएगा। अगली सुनवाई 17 मार्च को होगी। वहीं, मादुरो के वकीलों ने गिरफ्तारी को ‘सैन्य अपहरण’ बताते हुए कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय कानून और कानूनी प्रक्रिया का उल्लंघन है।
अमेरिका व वेनेजुएला में अभी भी गतिरोध जारी
वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो और उनकी पत्नी को गिरफ्तार करने के बाद वहां पर अमेरिका ने गत दिवस उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज को राष्ट्रपति घोषित कर दिया था। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा था कि वेनेजुएला को वहां की सरकार अपने हिसाब से चलाएगी। लेकिन उसके बाद पलटी मारते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सीधे तौर पर डेल्सी रोड्रिगेज को भी अमेरिका के अनुसार कार्य करने की सीधी धमकी दे डाली। ट्रंप ने कहा है कि अगर डेल्सी रोड्रिगेज अमेरिका की बात नहीं मानतीं और वेनेजुएला के लिए वही नहीं करतीं, जो अमेरिका सही समझता है, तो उन्हें बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है। ट्रंप के मुताबिक यह कीमत वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो से भी ज्यादा बड़ी हो सकती है।
रोड्रिगेज ने अमेरिका के सामने रखी बड़ी मांग
राष्ट्रपति बनते ही डेल्सी रोड्रिगेज ने मादुरो को सत्ता से हटाए जाने की आलोचना की है और अमेरिका से मांग की है कि मादुरो को वापस देश लाया जाए। इसके बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इंटरव्यू में कहा कि अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने डेल्सी रोड्रिगेज से बातचीत की है और वह वेनेजुएला में लोगों के जीवन स्तर को सुधारने के लिए अमेरिका की बात मानने को तैयार हैं।
ये भी पढ़ें : Business News : भारत ने मुझे खुश करने के लिए रूस से कच्चा तेल आयात कम किया : ट्रंप


