LPG Price Hike, नई दिल्ली: देश में रविवार को एक बार फिर एलपीजी के दाम बढ़ गए। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अब 14.2 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपए का हो गया। घरेलू गैस की कीमतें बढ़ने पर राजनीतिक तेज हो गई है। कांग्रेस सहित कई विपक्षी पार्टियों केंद्र सरकार पर महंगाई का बोझ जनता पर डालने का आरोप लगाया है। उधर केंद्र सरकार ने कहा है कि वर्तमान में कई देशों के मुकाबले भारत में एलपीजी काफी सस्ती है।
पश्चिम एशिया तनाव तथा होर्मुज संकट
भारत पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका- ईरान जंग के कारण पश्चिम एशिया में व्याप्त तनाव तथा होर्मुज जलडमरूमध्य में संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में एलपीजी के दामों में तेजी से वृद्धि हुई है। अधिकारियो ने बताया कि भारत एलपीजी की अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा विदेशों से आयात करता है, जिस कारण अंतरराष्ट्रीय कीमतों का प्रभाव सीधे घरेलू बाजार पर पड़ता है।
सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस
सरकार ने बताया कि गत फरवरी में सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस लगभग 543 डॉलर प्रति टन थी, पर पश्चिम एशिया में तनाव व होर्मुज संकट के बाद यह बढ़कर इस महीने लगभग 790 डॉलर प्रति टन पहुंच गई। मतलब पिछले 4 माह में तकरीबन इसमें 46 फीसदी की वृद्धि हुई। अधिकारियों ने बताया इसी कारण गैस कंपनियों की लागत बढ़ गई और सिलेंडर महंगा करना पड़ा।
केंद्र व सरकारी तेल कंपनियां वहन कर रही खर्च
पेट्रोलियम मंत्रालय ने कहा कि बाजार मूल्य व एलपीजी की असली लागत के बीच का अंतर केंद्र सरकार के अलावा सरकारी तेल कंपनियां उठा रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि बीते वित्त वर्ष में घरेलू एलपीजी पर अंडर-रिकवरी 60 हजार करोड़ तक पहुंच गई थी, जिसमें से 30 हजार करोड़ रुपए की भरपाई के लिए केंद्र सरकार ने अपनी स्वीकृति दी है।
होर्मुज संकट के बावजूद ऊर्जा आपूर्ति नहीं रुकने दी
पेट्रोलियम मंत्रालय ने यह भी कहा है कि उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 10 करोड़ से अधिक परिवारों को सीधे तौर पर सब्सिडी दी जा रही है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल रहा है जिसने पश्चिम एशिया में तनाव के दौरान भी अपनी ऊर्जा आपूर्ति को रुकने नहीं दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय पोत बिना रुकावट होर्मुज मार्ग से तेल व गैस लेकर आते रहे, जिससे देश में गैस की कोई खास किल्लत नहीं हुई।
ये भी पढ़ें : Rajasthan Health Department: युगांडा की महिला में नहीं पाया गया इबोला वायरस


