Jharkhand News: प्रेम विवाह से आहत पिता ने किया जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान

0
183
Jharkhand News
Jharkhand News: प्रेम विवाह से आहत पिता ने किया जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान

Jharkhand News, (आज समाज), गिरिडीह/कोडरमा: झारखंड के कोडरमा और गिरिडीह जिले से जुड़ा एक अनोखा मामला इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के एक पिता ने अपनी जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान कर दिया। यह रस्म गिरिडीह जिले के सरिया स्थित प्रसिद्ध उत्तरवाहिनी तट राजदह धाम में परिवार और समाज के लोगों की मौजूदगी में संपन्न हुई।

20 जून को होनी थी शादी, 12 जून को प्रेमी के साथ गई

जानकारी के अनुसार, युवती की शादी 20 जून 2026 को तय थी। परिवार ने विवाह की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। तिलक समारोह संपन्न हो चुका था और बारात व भोज की व्यवस्था भी की जा चुकी थी। बताया जाता है कि 12 जून की रात युवती अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई।

सोशल मीडिया पर विवाह से जुड़ा वीडियो साझा किया

कुछ दिन बाद दोनों ने सोशल मीडिया पर विवाह से जुड़ा एक वीडियो साझा किया, जिससे परिजनों को उनके विवाह की जानकारी मिली। घटना से आहत पिता ने कहा कि बेटी के इस कदम से परिवार को गहरा मानसिक आघात पहुंचा है। उनका दावा है कि इससे परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है। इसी पीड़ा के बीच उन्होंने राजदह धाम पहुंचकर बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान और तर्पण कराया।

बेहद दुर्लभ माना जाता है संतान का प्रतीकात्मक पिंडदान

हिंदू परंपरा में पिंडदान आमतौर पर मृत आत्मा की शांति और मोक्ष की कामना के लिए किया जाता है। किसी जीवित व्यक्ति, विशेषकर संतान का प्रतीकात्मक पिंडदान किया जाना बेहद दुर्लभ माना जाता है। यही कारण है कि यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

बहस का विषय बनी है घटना

इस मामले पर लोगों की राय बंटी हुई है। एक वर्ग पिता की भावनाओं और पीड़ा को समझते हुए उनके कदम को उचित ठहरा रहा है, जबकि दूसरा वर्ग इसे बदलते सामाजिक परिवेश और युवाओं की व्यक्तिगत स्वतंत्रता से जोड़कर देख रहा है। फिलहाल यह घटना पारिवारिक रिश्तों, सामाजिक मान्यताओं और नई पीढ़ी की सोच के बीच बढ़ते वैचारिक अंतर को लेकर बहस का विषय बनी हुई है।

ये भी पढ़ें : NEET Re-Exam: केंद्र सरकार ने टेलीग्राम ऐप पर लगाई अस्थाई रोक

  • TAGS
  • [post_tags]