
Jharkhand Bomb Attack, (आज समाज), रांची: झारखंड की राजधानी रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांतीय कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। पूरी वारदात कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है।
बाइक सवार दो युवक ने दिया वारदात को अंजाम
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बाइक सवार दो युवक कार्यालय के पास पहुंचे और पेट्रोल से भरी बोतलें परिसर की ओर फेंकीं। बताया जा रहा है कि दो पेट्रोल बम फेंके गए, जिनमें से एक में विस्फोट हुआ। हालांकि बोतलें मुख्य भवन तक नहीं पहुंच सकीं और बाउंड्री वॉल के पास ही गिर गईं, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे
घटना की सूचना मिलते ही चुटिया थाना पुलिस और रांची के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी की। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया और आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दे रहे हैं। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।
आरएसएस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि घटना के पीछे किसी संगठन या साजिश का हाथ तो नहीं है। घटना के बाद आरएसएस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राजधानी के संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। घटना की जानकारी मिलने पर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी, बीजेपी के कई विधायक और सैकड़ों स्वयंसेवक मौके पर पहुँचे।
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की प्रतिक्रिया
संजय सेठ ने कहा, यहां से कुछ दूरी पर पीले नंबर प्लेट वाली एक टैक्सी और दो मोटरसाइकिलें खड़ी थीं। वे बाइक से आए, उन्होंने कुछ कहा, फिर उसे बांधा और एक बम फेंका जो हवा में ही फट गया। फिर वे दोबारा आए और एक और बम फेंका, लेकिन इस बार वह ज़मीन पर नहीं फटा। वह टूटकर बिखर गया। वह एक पेट्रोल बम था। उन्होंने कहा, रांची में अशांति फैलाने की एक बहुत बड़ी साज़िश रची गई थी। भगवान की कृपा से वह साज़िश नाकाम हो गई। लेकिन हम किसी भी साज़िश को कामयाब नहीं होने देंगे। हम न तो रांची में अशांति फैलने देंगे और न ही झारखंड में।
यह भी पढ़ें : Jharkhand News: प्रेम विवाह से आहत पिता ने किया जीवित बेटी का प्रतीकात्मक पिंडदान

