Iran-US War: अमेरिका-ईरान के बीच फिर जगी शांति समझौते पर वार्ता की उम्मीद, ट्रंप के दूत स्विट्जरलैंड रवाना

0
144
Iran-US War
Iran-US War: अमेरिका-ईरान के बीच फिर जगी शांति समझौते पर वार्ता की उम्मीद, ट्रंप के दूत स्विट्जरलैंड रवाना

Iran-US War, वॉशिंगटन: अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता के खतरे में पड़ने की रिपोर्टों के बाद अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ स्विट्जरलैंड के लिए रवाना हो गए हैं जिसके बाद पश्चिम एशिया में तनाव खत्म करने के लिए एक बार फिर दोनों देशों के बीच बातचीत का सिलसिला आगे बढ़ता दिखने लगा है। एक्सियोस ने मामले से जुड़े अमेरिकी और राजनयिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है।

परमाणु समझौते पर बातचीत का पहला दौर

बता दें कि वाशिंगटन और तेहरान के बीच हाल ही में समझौता ज्ञापन (एमओयू) का ऐलान किया गया है और स्विट्जरलैंड में बैठक के दौरान ईरान के साथ संभावित परमाणु समझौते पर बातचीत का पहला दौर होने की उम्मीद है। एक अमेरिकी अधिकारी ने एक्सियोस को बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के वरिष्ठ सलाहकार और दामाद, जेरेड कुशनर, संभावित वार्ता से पहले ही स्विट्जरलैंड पहुंच चुके हैं।

शुक्रवार को होनी थी वार्ता, इसलिए टली

बातचीत शुक्रवार को शुरू होने वाली थी, लेकिन लेबनान में इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी तनाव के कारण इसे टाल दिया गया था। हालांकि, शुक्रवार को नए हमलों के बाद दोनों पक्षों के बीच संघर्ष विराम (सीजफायर) पर सहमति बनी, क्योंकि क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिशें चल रही थीं। रिपोर्ट्स में कई सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि कि इजराइल और हिज्बुल्लाह संघर्ष विराम को फिर से लागू करने पर सहमत हो गए हैं, जो आज सुबह 9 बजे (स्थानीय समय) से प्रभावी हो गया।

ईरान के विदेश अरागची स्विट्जरलैंड जा सकते हैं 

सूत्रों ने बताया कि यह समझौता अमेरिका और कतर की मध्यस्थता से हुआ, जबकि एक अन्य राजनयिक सूत्र ने कहा कि ईरान ने भी वाशिंगटन और दोहा के साथ मिलकर इस समझौते को आसान बनाने में भूमिका निभाई। यह अभी स्पष्ट नहीं है कि बातचीत के लिए कोई नई तारीख औपचारिक रूप से तय की गई है या नहीं। मामले की सीधी जानकारी रखने वाले एक सूत्र का हवाला देते हुए, एक्सियोस ने बताया कि ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची भी बातचीत में शामिल होने के लिए शनिवार को स्विट्जरलैंड जाने की योजना बना रहे हैं। हालांकि, सूत्र ने चेतावनी दी कि जमीनी हालात के आधार पर यात्रा की योजना अभी भी बदल सकती है।

वार्ता में लेबनान की स्थिति अहम कारक

एक्सियोस के अनुसार, क्षेत्रीय मध्यस्थों ने संकेत दिया है कि बातचीत के संबंध में तेहरान के फैसले में लेबनान की स्थिति एक अहम कारक बनी हुई है। मध्यस्थता करने वाले देशों में से एक के सूत्र ने कहा कि अरागची ने शुक्रवार को कई विदेशी समकक्षों को सूचित किया कि लेबनान में संघर्ष विराम ईरान के लिए एक महत्वपूर्ण मुद्दा है और यह अमेरिका-ईरान बातचीत के भविष्य के लिए निर्णायक साबित हो सकता है।

ये भी पढ़ें : US-Iran Peace Deal: इजरायल के लेबनान पर हमलों व वार्ता टलने से अधर में डील

  • TAGS
  • [post_tags]