India Defence Exports, (आज समाज), नई दिल्ली: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायक नेतृत्व में, भारत रक्षा निर्यात में सफलता की एक शानदार कहानी लिख रहा है। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि देश में इस मामले में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर हासिल किया है।
रिकॉर्ड स्तर के साथ एक नए शिखर पर पहुंचा एक्सपोर्ट
रक्षा मंत्री ने बताया कि भारत का रक्षा निर्यात वित्त वर्ष 2025-26 में 38,424 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर के साथ एक नए शिखर पर पहुंच गया है। यह पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 62.66 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने कहा रक्षा निर्यात में 14,802 करोड़ की यह बड़ी छलांग भारत की स्वदेशी क्षमताओं और उन्नत विनिर्माण शक्ति पर बढ़ते वैश्विक विश्वास को दर्शाती है।
सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों का योगदान
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन सार्वजनिक और निजी दोनों क्षेत्रों के योगदान को दर्शाता है। इसमें रक्षा सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (डीपीएसयू) का योगदान 54.84 फीसदी और निजी उद्योग का योगदान 45.16 फीसदी रहा, जो एक सहयोगात्मक और आत्मनिर्भर रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र की ताकत को रेखांकित करता है।
रंग ला रहे सरकार के प्रयास
राजनाथ ने कहा, डीपीएसयू के 54.84 प्रतिशत और निजी उद्योग के 45.16 प्रतिशत योगदान के साथ, यह मील का पत्थर एक सहयोगात्मक और आत्मनिर्भर रक्षा पारिस्थितिकी तंत्र की शक्ति को प्रदर्शित करता है। इससे पहले, मार्च में एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री ने बताया था कि सरकार के प्रयास रंग ला रहे हैं। उन्होंने कहा था कि वित्त वर्ष 2024-25 में, घरेलू रक्षा उत्पादन 1.50 लाख करोड़ से अधिक हो गया और रक्षा निर्यात लगभग 24,000 करोड़ के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।
इस माह निर्यात 29,000 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद
राजनाथ ने कहा कि अप्रैल 2026 तक, निर्यात लगभग 29,000 करोड़ तक पहुंचने की उम्मीद है, और सरकार ने वित्त वर्ष 2029-30 तक रक्षा निर्यात में 50,000 करोड़ का लक्ष्य निर्धारित किया है। निजी क्षेत्र की बढ़ती भूमिका पर जोर देते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि आज यह क्षेत्र रक्षा प्लेटफॉर्म, उपकरण और सहायक सामग्री में लगभग 25 फीसदी का योगदान देता है और उम्मीद है कि निकट भविष्य में मूल्य के हिसाब से कुल उत्पादन में इसका योगदान 50 प्रतिशत तक पहुंच जाएगा।
‘बिल्डर्स नेवी’ का नारा जमीनी हकीकत
राजनाथ ने बताया कि भारतीय नौसेना के लिए आर्डर किए गए सभी युद्धपोत और पनडुब्बियां भारतीय शिपयार्ड में ही बनाई जा रही हैं—डिजाइन और इंजीनियरिंग से लेकर निर्माण और जीवनचक्र सहायता तक—जो आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी छलांग है। आत्मनिर्भरता अब केवल एक नारा नहीं रह गई है, बल्कि यह एक व्यावहारिक सच्चाई के रूप में स्थापित हो रही है। ‘बिल्डर्स नेवी’ (निर्माण करने वाली नौसेना) कोई नारा नहीं है, यह एक जमीनी हकीकत है।


