El Niño Active, (आज समाज), नई दिल्ली: दक्षिण पश्चिम मानसून आगे तो बढ़ रहा है, लेकिन इसकी चाल धीमी है। इसी के साथ प्रशांत महासागर में अल नीनो एक्टिव हो गया है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी है। जून आधा बीत गया है, इसके बावजूद बारिश में 25 प्रतिशत की कमी है। मानसून की रफ्तार इसकी वजह है। आईएमडी ने बताया है कि आने वाले सप्ताह में बारिश की कमी और ज्यादा बढ़ने के आसार हैं।
15 जून को कुछ आगे बढ़ा मानसून
आईएमडी के अधिकारियों ने बताया है कि कई दिन बाद मानसून 15 जून को कुछ आगे बढ़ा और यह झारखंड, तेलंगाना, बिहार और ओडिशा के कुछ इलाकों में पहुंचा। दूसरी तरफ देश की आर्थिक राजधानी मुंबई वासियों को मानसून के लिए फिलहाल इंतजार करना होगा। बता दें कि आमतौर पर मुंबई में मानसून 11 जून को दस्तक देता है। सैटेलाइट इमेज की तस्वीरों में देखकर पता चल है कि देश के काफी बढ़े हिस्से में मानसून की स्थिति काफी कमजोर हैं।
एक जून से शुरू हो जाता है मानसून का सीजन
बता दें कि देश में एक जून से मानसून का सीजन शुरू हो जाता है और अब तक यानी दो सप्ताह में देश भर में 28 फीसदी बारिश कम दर्ज की गई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार वर्तमान में आसमान की ऊपरी सतह पर बहने वाली पश्चिमी हवाओं का प्रवाह अपने सामान्य स्थान से काफी ज्यादा दक्षिण की ओर खिसक आया है। इस दफा पावरफुल पश्चिमी हवाओं का ऊपरी दबाव बादल न बनने दे रहा है और न यह बादलों को टिकने दे रहा है। एकमात्र राहत की बात यह है कि मौसम के पूर्वानुमान मॉडल से संकेत मिल रहे हैं कि यह संकट अस्थाई है। 15 जून को मानसून पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश के शेष हिस्सों में भी पहुंच गया है।
मानसून की उत्तरी सीमा सोमवार को जमुई, हैदराबाद, मुजफ्फरपुर, भद्राचलम, रांची और कोरापुट से होकर गुजर रही थी। मानसून के अगले चार से पांच दिन में महाराष्ट्र के शेष हिस्सों में बढ़ने की संभावना है। कर्नाटक के बाकी हिस्सों, ओडिशा, तेलंगाना, झारखंड तथा बिहार के बाकी क्षेत्रों में भी यह आगे बढ़ सकता है। इसके अलावा मानूसन के अगले 4 से 5 दिन में छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में व मध्य अरब सागर क्षेत्र में आगे बढ़ने का अनुमान है।
ये भी पढ़ें : Weather Update: 16 राज्यों में बारिश का इंतजार बढ़ा, सैटेलाइट तस्वीरों में देश से मानसूनी बादल गायब


