Cold Wave Grips Entire North India, (आज समाज), नई दिल्ली: उत्तर भारत में पहाड़ों से लेकर दिल्ली, पंजाब-हरियाणा और उत्तर प्रदेश सहित सभी मैदानी राज्यों में कोहरे और हाड़ कंपाने वाली ठंड ने लोगों का जीना दूभर कर दिया है। शीतलहर और पहाड़ों से लगातार आ रही बर्फीली हवाओं ने ठंड और बढ़ा दी है। दिल्ली-एनसीआर सहित समूचे उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं के कारण गलन बढ़ी है। पंजाब, हरियाणा, यूपी व राजस्थान समेत कई राज्यों में अधिकतर जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को साल का पहला शीत दिवस दर्ज किया गया है।
दो पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव
पश्चिमी हिमालय की ऊंची चोटियों से बर्फ वाली हवाएं दिन-रात मैदानों में लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई हैं। वहीं उत्तर-पश्चिम यूपी और उत्तरी पाकिस्तान के आसपास दो पश्चिमी विक्षोभ भी एक्टिव हैं, जिसके प्रभाव से धूप निकलने पर भी ठंड से चुभन महसूस हो रही है। कोहरे के कारण सड़क से लेकर रेल व हवाई यातायात बाधित हो रहा है। लोगों को सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल हो रहा है। कुछ राज्यों में प्रचंड ठंड के चलते स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
सप्ताह तक शीतलहर व गलन से नहीं राहत के आसार
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक फिलहाल कम से कम एक सप्ताह तक शीतलहर गलन व शीत दिवस के साथ घने कोहरे से राहत की उम्मीद नहीं है। दिल्ली में मंगलवार दोपहर को सूर्यदेव ने दर्शन तो दिए, पर बर्फीली ठंडी हवाओं के कारण धूप में भी सर्दी महसूस हुई। शहर के कुछ इलाकों में शीतलहर जैसी स्थिति रही और अभी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
हिमाचल के ताबो में सीजन में पहली बार पारा माइनस 10.8 डिग्री
हिमाचल प्रदेश के ताबो में सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान माइनस 10.8 डिग्री दर्ज किया गया। अटल टनल, पांगी व रोहतांग आदि इलाकों में बर्फबारी हुई है। वहीं चंबा के कई इलाकों में मंगलवार को बूंदाबांदी हुई है। राजधानी शिमला में मौसम साफ रहा और बुधवार को बादलों के बीच ठंडी हवाएं चलती रहीं। दूसरी तरफ जम्मू-कश्मीर के पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम पारा शून्य से 8.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। अनंतनाग, शोपियां, पुंछ और दक्षिण कश्मीर में कई जगह हिमपात हुआ है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री रहा।
कानपुर में सभी रिकॉर्ड तोड़ रही ठंड और धुंध
उत्तर प्रदेश के कानपुर में ठंड सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। यहां दिनभर घनी धुंध छाई रहती है। जिला प्रशासन ने पहले स्कूल 4 जनवरी तक बंद किए थे। प्रचंड ठंड को देखते हुए आठवीं तक के स्कूल अब 12 जनवरी तक बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। संगम नगरी प्रयागराज भी ठंड से बेहाल है।
ये भी पढ़ें : Delhi Pollution News : बेहद खराब श्रेणी में राजधानी में हवा की गुणवत्ता


