Tornado Havoc In South Brazil, (आज समाज), ब्रासीलिया: दक्षिणी ब्राजील में इन दिनों भयंकर तूफान ने तबाही मचाई है। पारान प्रांत में शुक्रवार देर रात भारी बारिश के बीच तेज हवाएं चली और इस तूफान ने बड़े पैमाने पर इलाके में तबाही मचाई। जानकारी के मुताबिक हवाएं इतनी तेज थीं कि मकान ध्वस्त हो गए, घरों की छते उड़ गईं और बिजली के तार तहस-नहस हो गए। पारान सरकार के अनुसार तूफान के कारण 6 लोगों की मौत हो गई, सैकड़ों घायल और हजारों लोग बेघर हो गए हैं।
यह भी पढ़ें : Montha Update: आंध्र प्रदेश से टकराने के बाद ओडिशा की ओर बढ़ा चक्रवाती तूफान, आंध में कई जगह पेड़ गिरे, घरों को नुकसान
रियो बोनिटो डू इग्वाउ शहर में सबसे अधिक नुकसान
सूत्रों के अनुसार तूफान के कारण पारान प्रांत के रियो बोनिटो डू इग्वाउ शहर में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। बताया गया है कि इसी इलाके में आधे से ज्यादा मकानों की छतें उड़ गई हैं। इसके अलावा कई बिल्डिंगें धराशायी हो गई और सड़कें भी बाधित हैं। सूत्रों के मुताबिक जगह-जगह बिजली के तार टूटे पड़े हैं।
हवाओं की गति 180 से 250 किमी प्रति घंटा
स्थानीय मौसम विभाग के अनुसार, भारी बारिश के बीच चली हवाओं की गति 180 से 250 किलोमीटर प्रति घंटा के बीच थी। सूत्रों ने बताया कि तूफान से बरपे कहर के चलते दक्षिणी ब्राजील के पारान प्रांत में अब तक 750 से अधिक लोग घायल हो गए हैं। वहीं तकरीबन 1000 लोग बेघर हो गए हैं।
पिछले रविवार को फिलीपींस में ‘फानफोन’ का कहर
फिलीपींस में पिछले सप्ताह रविवार को सुपर टाइफून ‘फानफोन’ ने कहर बरपाया था। वहां भी भारी बारिश के बीच तेज हवाएं चली। खतरे को देखते हुए फिलीपींस के पूर्वी और उत्तरी क्षेत्रों से स्थानीय प्रशासन ने डेढ़ लाख से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। ऊंची समुद्री लहरों के लिए चेतावनी जारी की गई। फ़िलीपींस में तूफ़ान के कारण 300 उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। देश के बड़े हिस्से में चेतावनियां जारी की गई हैं।
यह भी पढ़ें : Montha Storm Update: ओडिशा पहुंचा चक्रवाती तूफान, 100 किमी की रफ्तार से चल रही हवाएं


