Train Accident On Bihar-Jharkhand Border, (आज समाज), रांची: बिहार-झारखंड सीमा स्थित जसीडीह-झाझा रेलखंड पर एक मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से उतर गए हैं। टेलवा बाजार हॉल्ट के पास शनिवार रात को यह हादसा हुआ है, जिसके कारण मार्ग पर रेल यातायात ठप हो गया है। अप-डाउन ट्रैक बाधित है और रेलवे विभाग के कर्मी मरम्मत कर रहे हैं। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है।
दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ
सूत्रों के अनुसार रात लगभग 11 बजकर 25 मिनट पर झाझा मुख्य रेलखंड पर टेलवा बाजार हॉल्ट के पर बडुआ नदी पर बने पुल के पास रेल हादसा हुआ। मालगाड़ी जसीडीह से झाझा की ओर जा रही थी। इस बीच इसकी 8 बोगियां पटरी से उतर गई और इनमें से तीन नदी में गिर गई। दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।
अप एवं डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बाधित
पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र के अनुसार आसनसोल मंडल के लाहाबन-सिमुलतला स्टेशनों के मध्य किमी 344/05 के पास कल रात 11 बजकर 25 मिनट पर मालगाड़ी के 8 डिब्बे पटरी से उतरे। इस वजह से से रेलखंड के अप एवं डाउन दोनों लाइनों पर परिचालन बाधित है। उन्होंने बताया कि हादसे की सूचना के तुरंत बाद मधुपुर, आसनसोल, और झाझा से दुर्घटना राहत ट्रेनें मौके पर रवाना की गई थीं।
वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम भी घटनास्थल पर पहुंचे
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम व दुर्घटना राहत दल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। क्रेन व अन्य भारी मशीनों से बेपटरी हुए डिब्बों को हटाने का काम शुरू किया गया। क्षतिग्रस्त ट्रैक की मरम्मत का काम भी तेजी से जारी है। सुरक्षा को देखते हुए पूरा इलाका सील कर दिया गया है। परिचालन पूरी तरह से ठप होने के चलते एक्सप्रेस व पैसेंजर सहित कई ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रास्ते में रोक दिया गया। वहीं कुछ ट्रेनों को वैकल्पिक मार्ग से चलाने का इंतजाम किया गया है। यात्रियों को इससे खासी परेशानी हो रही है।
हादसे का कारण तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
हादसे के चश्मदीदों ने बताया कि अचानक तेज आवाज के साथ मालगाड़ी पटरी से उतर गई और इसी बीच इसके तीन डिब्बे सीधे पुल के नीचे जा गिरे। मौके पर अफरातफरी मच गई। हादसे में जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। रेलवे प्रशासन प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ट्रैक अथवा तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। बाधित मार्ग पर परिचालन करना प्राथमिकता है ।
ये भी पढ़ें : UP Train Accident : गरीब रथ ट्रेन की चपेट में आए पांच लोग, मौत


