Bengal News, (आज समाज), कोलकाता: पश्चिम बंगाल में सत्ता बदलते ही शुभेंदु सरकार एक्शन में है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा लुकआउट नोटिस जारी किए जाने के बाद कोलकाता के पूर्व डीसीपी शांतनु सिन्हा बिस्वास को गिरफ्तार कर लिया गया है। ईडी ने हाल ही में उनके खिलाफ नोटिस जारी किया गया था।
लंबे समय से ईडी कर रही थी तलाश
शांतनु बिस्वास को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बेहद करीबी हाथ माना जाता था। उन पर पद का दुरुपयोग करने के आरोपों के साथ-साथ कई बड़े वित्तीय घोटालों में उनकी संलिप्तता के सबूत ईडी के हाथ लगे हैं और केंद्रीय जांच एजेंसी ने अरसे से उनके खिलाफ जाल बिछाया था।
देश छोड़ने की तैयारी में थे शांतनु
जांच टीम को जब भनक लगी कि शांतनु देश छोड़ने की तैयारी में हैं, तब उनके खिलाफ ईडी की ओर से लुकआउट नोटिस जारी किया गया। शांतनु सिर्फ एक अफसरी ही नहीं थे, बल्कि वह पश्चिम बंगाल व कोलकाता पुलिस कल्याण समिति के मुख्य समन्वयक तथा नोडल अफसर के रूप में भी प्रभावशाली भूमिका में थे। छापेमारी के दौरान जब शांतनु को बुलाया गया तो उन्होंने ईडी की ताकत को चुनौती दी। हालांकि कानून के लंबे हाथों से वह बच नहीं सके।
ममता बनर्जी के बेहद करीबी होने का उदाहरण
शांतनु ममता बनर्जी के कितने करीबी थे, इसका उदाहरण हाल ही में देखने को मिला था। पश्चिम बंगाल में कुछ दिन पहले एक बड़ा विरोध प्रदर्शन हो रहा था और उस समय वह वर्दी के बिना ही ममता के साथ मंच पर देखे गए थे। विपक्षी पार्टियां ने इस पर कड़ी आपत्ति भी जताई थी कि एक सेवारत या वरिष्ठ पुलिस अफसर किसी राजनीतिक पार्टी के मंच पर क्या कर रहा है? टीएमसी ने बचाव में कहा था कि वह सीएम की सुरक्षा में तैनात थे, पर तस्वीरें कुछ और ही कहानी बयां कर रही थीं।
ये भी पढ़ें : West Asia Crisis: देश में 60 दिन का कच्चा तेल, 45 दिन की एलपीजी : हरदीप सिंह पुरी


