Bangladesh Foreign Ministry, (आज समाज), ढाका: बांग्लादेश ने भारत में अपने राजनयिक मिशनों पर हमलों की कड़ी निंदा की है। पड़ोसी मुल्क के विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, नई दिल्ली और सिलीगुड़ी में हुई घटनाओं के विरोध में भारतीय उच्चायुक्त को तलब किया गया है। बयान में कहा गया है कि बांग्लादेश राजनयिक प्रतिष्ठानों के खिलाफ ऐसी सोची-समझी हिंसा या धमकी की निंदा करता है, जो न केवल राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा को खतरे में डालती है, बल्कि आपसी सम्मान के सिद्धांतों और शांति व सहिष्णुता के मूल्यों को भी कमजोर करती है।
सिलीगुड़ी में बांग्लादेश वीजा केंद्र में तोड़फोड़
बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने राजनयिक कर्मियों और प्रतिष्ठानों की भारत से सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया है। बता दें कि 22 दिसंबर 2025 (December 22, 2025) को सिलीगुड़ी में बांग्लादेश वीजा केंद्र ( Bangladesh visa center) में तोड़फोड़ (vandalism) गई। इससे पहले 20 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग के बाहर विरोध प्रदर्शन किया गया। बांग्लादेश विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि बांग्लादेश सरकार को उम्मीद है कि भारत सरकार राजनयिक कर्मियों और प्रतिष्ठानों की गरिमा और सुरक्षा की रक्षा के लिए अपने अंतरराष्ट्रीय और राजनयिक दायित्वों के अनुसार तुरंत उचित कदम उठाएगी।
दिल्ली व सिलीगुड़ी में वीजा संचालन निलंबित
विदेश मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए दिल्ली और सिलीगुड़ी में वीजा संचालन निलंबित कर दिया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में एक घटना हुई जिसमें लोगों के एक समूह ने बांग्लादेश उच्चायोग को घेर लिया। इस घटना के बाद, बांग्लादेश ने सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की। नतीजतन, वर्तमान में दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग से कोई वीजा जारी नहीं किया जा रहा है।
विश्व हिंदू परिषद पर तोड़फोड़ का आरोप
अधिकारी ने आरोप लगाया, सिलीगुड़ी में, हालांकि बांग्लादेश का कोई आधिकारिक मिशन नहीं है, लेकिन वीजा प्रसंस्करण एक निजी एजेंसी, वीएफएफ के माध्यम से किया जाता था। कथित तौर पर विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों ने वीएफएफ कार्यालय में तोड़फोड़ की और धमकी दी। इसके जवाब में, बांग्लादेश सरकार ने सिलीगुड़ी में भी वीजा संचालन निलंबित कर दिया है।
भारत ने अपर्याप्त सुरक्षा के आरोपों को खारिज किया
भारत ने अपर्याप्त सुरक्षा के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि नई दिल्ली का विरोध प्रदर्शन संक्षिप्त था और इससे कोई खतरा नहीं था। यह विवाद बांग्लादेश में एक हिंदू युवक की हत्या से शुरू हुआ, जिससे अल्पसंख्यक सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय चिंताएं बढ़ गई हैं। 27 साल के हिंदू युवक दीपू चंद्र दास की मैमनसिंह में कथित ईशनिंदा के आरोप में पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जिससे बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चिंताएं बढ़ गई हैं।
ये भी पढ़ें : UN On Bangladesh Violence: अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार की संयुक्त राष्ट्र ने भी की निंदा


