Ayodhya News: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने नजरबंद किया

0
709
Ayodhya News
Ayodhya News: यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने नजरबंद किया

Ayodhya News, (आज समाज), लखनऊ: अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर में पूजा करने जा रहे उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अजय राय को पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। अयोध्या के एक होटल में मंगलवार को उन्हें हाउस अरेस्ट किया गया। यूपी कांग्रेस ने एक बयान जारी कर यह जानकारी दी है। प्रदेश कांग्रेस का आरोप है कि पार्टी के एक हाई-लेवल डेलिगेशन के अयोध्या दौरे से ठीक पहले यह घटनाक्रम हुआ है। इस प्रतिनिधिमंडल में अजय राय के अलावा 4 लोकसभा सांसद 30 जून यानि आज ही अयोध्या का दौरा करने वाले थे।

राम मंदिर में दान के पैसे में हेराफेरी को लेकर तेज है चर्चा

यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब राम मंदिर में दान के पैसे में कथित हेराफेरी को लेकर मंदिर चर्चा में है। अजय राय ने कहा, हमने पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए मेरे नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बनाया था और हम भगवान से यह प्रार्थना भी करना चाहते थे कि आरएसएस और भाजपा ने चढ़ावे और दान की चोरी और जमीन के घोटालों के जरिए इस पवित्र स्थल को जो बदनामी दिलाई है, उसके लिए प्रायश्चित कर सकें।

अजय ने लगाया जबरन नजरबंदी का आरोप

यूपी कांग्रेस प्रमुख ने जोर देकर कहा कि वे मंदिर जाने के अपने अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए जेल जाने को भी तैयार हैं। उन्होंने कहा, सोमवार देर रात लगभग 11:30 बजे पुलिस ने हमें जबरदस्ती पकड़ लिया और आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस ले आई। उन्होंने कहा, हमें परेशान किया जा रहा है और मंदिर जाने से रोका जा रहा है। हम कुछ भी करने को तैयार हैं, चाहे इसके लिए जेल जाना पड़े या कुछ दिन तक खाना-पानी छोड़ना पड़े।

चढ़ावे की चोरी के खिलाफ जारी रहेगी लड़ाई : रीना राय

अजय राय की पत्नी रीना राय ने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार उनके पति की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, कांग्रेस राम जन्मभूमि मंदिर में कथित चढ़ावे की चोरी के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी। एक अन्य पोस्ट में रीना राय ने लिखा, अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी इस अन्यायपूर्ण बीजेपी सरकार की होगी।

विवाद खड़ा करने के लिए किया जा रहा ड्रामा : राजभर

राज्य मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, इस तरह का ड्रामा विवाद खड़ा करने के लिए किया जा रहा है। सोमवार को अयोध्या की एक स्थानीय अदालत ने कथित दान घोटाले के सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अदालत का यह फैसला उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा श्री राम जन्मभूमि मंदिर में वित्तीय अनियमितताओं और फंड व दान की रकम के दुरुपयोग की खबरों की गहन जांच के बाद आया है।

ये भी पढ़ें: General Dhiraj Seth: सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी हुए रिटायर, जनरल सेठ नए चीफ

 

  • TAGS
  • [post_tags]