Assam Oath Ceremony Live, (आज समाज), गुवाहाटी: हिमंता बिस्व सरमा ने असम के मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। वह लगातार दूसरी बार राजय के मुख्यमंत्री बने हैं। असम में यह तीसरी एनडीए सरकार होगी। गुवाहाटी स्थितखानापारा के वेटरनरी कॉलेज मैदान में शपथ ग्रहण समारोह हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्र सरकार के वरिष्ठ मंत्री और एनडीए-शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री इस दौरान मौजूद रहे।
परिवार के सदस्य भी रहे उपस्थित
असम के मनोनीत मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा के परिवार के सदस्य भी एनडीए के नेतृत्व वाली राज्य सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहे। सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा (Rinki Bhuiyan Sarma) और बेटी ने मीडिया के साथ बातचीत में इस कार्यक्रम के महत्व पर ज़ोर दिया और राज्य में एनडीए सरकार के दूसरे कार्यकाल पर गर्व और खुशी ज़ाहिर की। उन्होंने कहा, यह बहुत ही खुशी का पल है। बेटी सुकन्या सरमा ने कहा, यहां आकर हम बहुत खुश और आनंदित महसूस कर रहे हैं।
चार मंत्रियों ने भी ली शपथ
हिमंत बिस्वा सरमा के साथ-साथ चार मंत्रियों ने भी शपथ ली। इनमें से दो भाजपा से थे और एक-एक मंत्री उसके सहयोगी दलों, असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) से थे। इनमें रामेश्वर तेली, अतुल बोरा (एजीपी), चरण बोरो (बीपीएफ) और अजंता नेओग शामिल हैं। पूर्व मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता रंजीत कुमार दास राज्य विधानसभा के स्पीकर पद के लिए एनडीए के उम्मीदवार होंगे।
चुनाव में एनडीए का प्रदर्शन चुनावी वर्चस्व का बेहतरीन उदाहरण
असम विधानसभा चुनाव 2026 में एनडीए का प्रदर्शन चुनावी वर्चस्व का एक बेहतरीन उदाहरण था। कुल 126 सीटों में से 81 विधानसभा सीटें जीतकर और तीन-चौथाई बहुमत हासिल करके, इस गठबंधन ने अपने शासन मॉडल की लोकप्रियता के बारे में एक स्पष्ट संदेश दिया है। भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए ने, जिसमें बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) भी शामिल हैं, असम में कुल मिलाकर 101 विधानसभा सीटें हासिल कीं, जो तीन-चौथाई बहुमत के बराबर है। एनडीए के हिस्से के तौर पर, बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट और असम गण परिषद ने दस-दस सीटें जीतीं।
सरमा ने शपथ से पहले लिया मां कामाख्या का आशीर्वाद
शपथ ग्रहण समारोह से पहले मनोनीत मुख्यमंत्री सरमा ने राज्य की जनता के लिए शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करते हुए मां कामाख्या का आशीर्वाद लिया। एक पोस्ट में, उन्होंने लिखा, मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव के आशीर्वाद से असम विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छुएगा, क्योंकि सरमा के नेतृत्व में एनडीए सरकार आज से राज्य में अपना लगातार तीसरा कार्यकाल शुरू करने जा रही है।
ये भी पढ़ें : Tamil Nadu News: एक्शन में विजय, 717 शराब की दुकानें बंद करने का आदेश दिया


