Amit Shah On Ajit Pawar Death, (आज समाज), नई दिल्ली/मुंबई: केंद्रीय गृह मंत्री (Union Home Minister) अमित शाह (Amit Shah) ने ‘एक्स’ पर लिखा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और हमारे वरिष्ठ एनडीए सहयोगी अजीत पवार जी के एक दुखद दुर्घटना में निधन की खबर ने मेरे दिल को बहुत दुखी कर दिया है। बारामती में एक चार्टर प्लेन दुर्घटना में अजीत पवार की आज सुबह मौत हो गई। अमित शाह ने कहा, जिस तरह से अजीत पवार जी ने पिछले साढ़े तीन दशकों में महाराष्ट्र में समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए खुद को समर्पित किया, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
अजीत जी का निधन मेरे लिए भी एक व्यक्तिगत क्षति : अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, अजीत जी से जब भी हम मिले, उन्होंने महाराष्ट्र के लोगों के कल्याण से संबंधित कई मुद्दों पर लंबी चर्चा की। उनका निधन न केवल एनडीए परिवार के लिए बल्कि मेरे लिए भी एक व्यक्तिगत क्षति है। उन्होंने कहा, मैं पवार परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। दुख की इस घड़ी में, पूरा एनडीए शोक संतप्त पवार परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान दे। ओम शांति शांति शांति।
पवार जी का निधन बहुत दुखद खबर : अरविंद सावंत
शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत ( MP Arvind Sawant) ने बुधवार को महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के दुखद निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा, यह बहुत दुखद खबर है। खबर से पूरा पवार परिवार सदमे में है। सावंत ने कहा, मैंने हमेशा वही किया जो उन्होंने कहा। वह एक बहादुर इंसान थे। शिवसेना (यूबीटी) सांसद ने कहा, बारामती क्षेत्र के विकास में उनका बहुत बड़ा योगदान था। मैं पूरे पवार परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
दुर्घटना में कोई जीवित नहीं बचा
नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने बताया कि महाराष्ट्र के मुंबई से बारामती जा रहे चार्टर्ड प्लेन में सवार चालक दल सहित पांच लोगों की आज सुबह 8.45 बजे क्रैश-लैंडिंग के बाद मौत हो गई। मुंबई-बारामती चार्टर प्लेन की क्रैश लैंडिंग बारामती में रनवे के पास हुई। पवार के साथ 2 और लोग 1 पीएसओ, 1 अटेंडेंट और 2 क्रू सदस्य विमान में सवार थे। दुर्घटना में कोई जीवित नहीं बचा है।
यह भी पढ़ें : PM Modi On Ajit Demise: लोगों के नेता थे अजीत, जमीनी स्तर पर रहा गहरा जुड़ाव


