Kenya: सड़क दुर्घटना में केरल के 5 लोगों की मौत, सीएम पिनाराई विजयन ने जताया दुख

0
61
Kenya
Kenya: सड़क दुर्घटना में केरल के 5 लोगों की मौत, सीएम पिनाराई विजयन ने जताया दुख

Road Accident In Kenya, (आज समाज), नैरोबी/तिरुवनंतपुरम: केन्या में हुई सड़क दुर्घटना में पांच केरलवासियों की मौत हो गई है जिस पर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन गहरा दुख व्यक्त किया। नैरोबी में भारतीय उच्चायोग द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक हादसा 9 जून को राजधानी नैरोबी से लगभग 150 किलोमीटर दूर एक क्षेत्र में हुआ। 28 भारतीय नागरिकों को ले जा रही पर्यटक बस भारतीय समयानुसार शाम करीब 7 बजे (केन्याई समयानुसार शाम 4.30 बजे) नैरोबी से लगभग 150 किलोमीटर दूर एक क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

पीड़ितों के नामों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं

हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। उन्हें केन्या के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उच्चायोग ने अभी तक पीड़ितों के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान में कहा गया कि कम से कम पांच केरलवासियों के मारे जाने की आशंका है। मारे गए लोग मलयाली हैं और उनके शवों को भारत लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

घायलों को अस्पतालों में भर्ती करवाया गया

बयान के अनुसार अनिवासी केरलवासियों के लिए राज्य द्वारा संचालित एजेंसी नोरका रूट्स अपने वैश्विक संपर्क केंद्र के माध्यम से सहायता प्रयासों का समन्वय कर रही है। दुर्घटना में घायल हुए भारतीय नागरिकों को नैरोबी के प्रमुख अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। स्थानीय अस्पतालों में अभी भी उपचार करा रहे लोगों को सड़क या हवाई एम्बुलेंस से ले जाया गया। मृतकों के शवों को भी नैरोबी लाए जाने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने पीड़ितों परिवारों को दिया मदद का भरोसा

मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और सहायता का आश्वासन दिया। सीएमओ ने कहा कि लोका केरल सभा के सदस्य प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारतीय उच्चायोग और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। सहायता और जानकारी के लिए, केरलवासी 1800 425 3939 (भारत में टोल-फ्री) या +91 88020 12345 (विदेश में रहने वालों के लिए मिस्ड कॉल सेवा) पर नोरका ग्लोबल कॉन्टैक्ट सेंटर से संपर्क कर सकते हैं।

पूर्वोत्तर काउंटी न्यांदरुआ में खाई में गिरी बस

एक रिपोर्ट में बताया गया हे कि जिस बस में भारतीय पर्यटक यात्रा कर रहे थे, वह नियंत्रण से बाहर हो गई और पूर्वोत्तर काउंटी न्यांदरुआ में एक खाई में गिर गई। सामुदायिक सूत्रों के हवाले से बताया गया कि दुर्घटना में दक्षिण भारत के कम से कम पांच पर्यटक मारे गए हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें : Rajasthan News: टोंक जिले में बनास नदी में डूबे 11 युवक, 8 के शव बरामद