करनाल : शहीद चन्द्रशेखर आजाद के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया आजादी का अमृत महोत्सव

0
302
birth anniversary of martyr Chandrashekhar Azad
birth anniversary of martyr Chandrashekhar Azad

प्रवीण वालिया, करनाल :              
नगर निगम की ओर से शहीद चन्द्रशेखर आजाद के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आजादी का अमृत महोत्सव कार्यक्रम डा. मंगलसेन सभागार में मनाया गया, जिसकी अध्यक्षता निगम के उप निगम आयुक्त धीरज कुमार ने की। कार्यक्रम में सफाई निरीक्षक संदीप कुमार तथा ऊषा रानी, सिटी टीम लीडर डा. प्रशांत त्यागी, ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह, मोटीवेटर, सक्षम युवा तथा सफाई कर्मी मौजूद रहे। उप निगमायुक्त ने सर्व प्रथम शहीद चन्द्रशेखर की मूर्ति पर पुष्प अर्पित करें तथा उनके द्वारा देश के प्रति दिए गए योगदान को याद किया। डीएमसी ने कार्यक्रम में मौजूद कचरा उठाने वाले सफाई कर्मियों को कचरा उठान से लेकर उसके निस्तारण करने तक की उन्हें जानकारी दी।

उन्होंने घरों से कूड़े को एकत्र करने, गीला व सूखा कचरा अलग-अलग रखने तथा उसे सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट तक पहुंचाने बारे विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने मोटीवेटर्स व सक्षम युवाओं को प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट रूल 2016 व 2018 की जानकारी दी तथा उन्हें घर-घर तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए जन जागरूकता अभियान को किस प्रकार करना है, इसके बारे बताया। उन्होंने इसके निस्तारण को लेकर सरकार व नागरिकों के क्या-क्या दायित्व हैं, उन सबकी जानकारी दी। उप निगमायुक्त ने कार्यक्रम में मौजूद सभी के साथ सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल 2016 से सम्बंधित एन.जी.टी. के बिन्दुओं पर भी चर्चा की। उप निगमायुक्त ने कूड़ा उठाने वाले कर्मियों की जोन वाईज ड्यूटी लगाई तथा उन्हें कहा कि गीला व सूखा कूड़ा अलग-अलग करके देने तथा पोलीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने बारे भी लोगों को जागरूक करें। उन्होंने इस मौके पर सफाई कर्मियों की समस्याएं भी सुनी।

SHARE