IMD Monsoon Update: एक सप्ताह की देरी के बाद केरल पहुंचा मानसून

0
199
IMD Monsoon Update
एक सप्ताह की देरी के बाद केरल पहुंचा मानसून

Aaj Samaj (आज समाज), IMD Monsoon Update, नई दिल्ली: मानसून आज एक सप्ताह की देरी के बाद केरल पहुंच गया। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने यह घोषणा की है। इससे पहले मौसम विभाग ने चार जून को मानसून के केरल पहुंचने की बात कही थी। वैसे मानसून के केरल पहुंचने की तारीख एक जून है। अरब सागर में उठे चक्रवाती तूफान बिपरजॉय ने मानसून का रास्ता रोक दिया था, जिसके बाद मौसम वैज्ञानिकों ने कहा था कि मानसून जून के दूसरे सप्ताह के अंत तक केरल में दस्तक दे सकता है। अब बिपरजॉय पाकिस्तान की ओर बढ़ गया है, जिससे केरल पहुंचने के लिए मानसून का रास्ता साफ हो गया।

  • पाकिस्तान की ओर बढ़ा चक्रवाती तूफान बिपरजॉय 

आमतौर पर 8 राज्यों में 8 जून तक दस्तक देता है मानसून

बता दें कि आमतौर पर मानसून आठ जून तक देश के आठ राज्यों यानी 35 फीसदी जमीन को कवर कर लेता है, लेकिन इस बार यह सप्ताह की देरी से आया है।

इस तरह मानसून की घोषणा करता है विभाग

दरअसल, आईएमडी जिन 14 केंद्रों पर दर्ज होने वाली बारिश के आधार पर मानसून की घोषणा करता है, उनमें से 60 फीसदी केंद्रों पर दो दिन में लगातार 2.5 मिमी बारिश होना जरूरी है जो अब तक नहीं हुई थी। त्रिशूर, थालासेरी, कुडुलू, मंगलौर आदि में जैसे ही बारिश के मापदंड पूरे हुए, मानसून की घोषणा कर दी गई है।

पूर्वोत्तर राज्यों तक जल्द पहुंचेगी मानसून की पूर्वी रेखा

आईएमडी अधिकारियों ने बताया कि केरल में जिन जगहों से बिपरजॉय तूफान गुजरा था, वहां बादल छा गए थे, इसलिए बुधवार को लक्षद्वीप व केरल में भारी बारिश हुई। दूसरी ओर, बंगाल की खाड़ी में मानसूनी बादलों की मोटी परत जम चुकी है और इसके चलते मानसून की पूर्वी रेखा अगले 24 घंटे में पूर्वोत्तर के राज्यों तक पहुंच सकती है।

राजस्थान में तेज हुई गर्मी, दिल्ली में अभी नहीं हीटवेव की संभावना

राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर हल्का पड़ने के साथ अब गर्मी तेज होने लगी है। राज्य के कई शहरों में दिन का तापमान अब 40 डिग्री या इससे ऊपर चला गया है। वहीं दिल्ली में अगले 4-5 दिन तक हीटवेव की संभावना नहीं है। हालांकि, अधिकतम तापमान यहां भी बढ़ने का अनुमान है। मध्यप्रदेश में इन दिनों कहीं तेज बारिश हो रही है, तो कहीं भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर में चक्रवात बनने से मध्य प्रदेश में नमी तो आ रही है, लेकिन उसका असर कम है।

यह भी पढ़ें : 

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE