IMD Alert: ‘मोचा’ 11 मई से होगा एक्टिव, 12 को हो सकता है यह ज्यादा खतरनाक

0
218
IMD Alert

Aaj Samaj (आज समाज), IMD Alert, नई दिल्ली: चक्रवाती तूफान मोचा 11 मई से एक्टिव हो सकता है। मौसम विभाग (आईएमडी) का कहना है कि गुरुवार को एक्टिव होने के बाद मोचा अगले दिन यानी 12 मई को ज्यादा खतरनाक हो सकता है। इस दौरान पश्चिम बंगाल व ओडिशा समेत तटीय इलाकों में बारिश की आशंका है। इसके साथ ही 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है। आईएमडी के अधिकारियों ने आज बताया कि मोचा तूफान के प्रभाव से बुधवार देर शाम या गुरुवार को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और अंडमान सागर में बारिश हो सकती है।

70 किमी प्रति घंटे की गति से चलेंगी हवाएं

अधिकारियों ने बताया कि मोचा के कारण 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना है। गुरुवार को तूफान उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ सकता है। संभावना है कि 14 मई को बांग्लादेश-म्यांमार तटों पर जाने से पहले यह और ज्यादा खतरनाक हो जाए। पश्चिम बंगाल के सभी चक्रवात संभावित जिलों को अलर्ट पर रखा गया है।

खतरा संभावित इलाकों में न जाने की सलाह

मछुआरों, छोटे जहाजों, नावों और ट्रॉलरों के संचालकों को मंगलवार से दक्षिण-पूर्व और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी में नहीं जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बंगाल की पूर्व-मध्य खाड़ी और उत्तर अंडमान सागर में भी लोगों को न जाने की सलाह दी गई है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह प्रशासन ने भी लोगों को सतर्क कर दिया है। यहां बुधवार को ही बारिश व चक्रवातीय हवाओं का असर दिखा।

10 राज्यों में बारिश और 17 राज्यों में तापमान बढ़ने की संभावना

ओडिशा समेत देश के 10 राज्यों में बारिश और 17 राज्यों में तापमान बढ़ने की संभावना है। देश के ज्यादातर इलाकों में इस हफ्ते से लू चलने लगेगी। केदारनाथ में भारी हिमपात के मद्देनजर रूद्रप्रयाग प्रशासन ने तीर्थयात्रियों को सलाह दी कि वे मौसम के बारे में जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें।

मई में इस वर्ष औसतन पारा 15 डिग्री तक कम

बेमौसम बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते इस साल मई में औसतन पारा 15 डिग्री तक कम रहा है। पिछले साल एक मई को देश का औसत अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस था, जो इस साल 28.7 ही रहा। पांच मई 2022 को तापमान 39.1 डिग्री था, जो इस 5 मई को 32.1 डिग्री रहा। ‘मोचा’ की वजह से बंगाल में पारा और भी चढ़ गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक अजीब मौसम की स्थिति विकसित हुई है। 11 तक लू की चेतावनी है। कोलकाता में पारा 40 डिग्री सेल्सियस को छू सकता है।

यह भी पढ़ें : PM Modi Rajasthan Visit: तेज गति से विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर भी जरूरी

यह भी पढ़ें : 10 May Weather Update: ओडिशा सहित 10 राज्यों में बारिश व 17 राज्यों में बढ़ेगा तापमान

यह भी पढ़ें : Imran Khan की गिरफ्तारी के बाद सुलगा पाकिस्तान, सैन्य मुख्यालय व आर्मी अफसरों के घरों पर हमले, अब तक 6 लोगों की मौत

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE