Himachal Snowfall: हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी, शिमला सहित कई जिलों में झमाझम बारिश से बढ़ी ठंड

0
285
Himachal Snowfall
लाहौल-स्पीति। 

Aaj Samaj (आज समाज), Himachal Snowfall, शिमला: हिमाचल के पर्वतीय क्षेत्र बर्फ से लद गए हैं, वहीं राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर जिलों में शुक्रवार को हुई जोरदार बारिश ने ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया था। अटल टनल के आसपास, लाहौल स्पीति, रोहतांग दर्रा, चंबा, कुल्लू, शिकारी देवी और कमरूनाग में भी हिमपात हुआ है। वहीं किन्नौर और शिमला जिले की चोटियों पर बीती रात हल्की बर्फबारी हुई है। पांगी और भरमौर की ऊपरी चोटियों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश हुई है। राज्य के अन्य भागों में भी बारिश के साथ लंबा सूखा खत्म हुआ है।

  • हिमपात के कारण मनाली-लेह मार्ग बंद हुआ
  • मंडी : बिजली गिरने से 5 मवेशियों की मौत

पर्यटकों के इन जगह जाने पर रोक

मौसम में आए बदलाव से शुक्रवार को प्रदेश में छह डिग्री तक अधिकतम पारा लुढ़का। मंडी जिले में चौहारघाटी की बड़ागांव पंचायत में बिजली गिरने से पांच मवेशियों की मौत हो गई। अटल टनल के साउथ व नोर्थ पोर्टल में बर्फबारी हुई है। बर्फ में वाहन फिसलने से अटल टनल और रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। सोलंगनाला और मढ़ी में ही पर्यटक रोक दिए हैं। चंबा-बैरागढ़-किलाड़ वाया साच पास मार्ग हिमपात के चलते यातायात के लिए बंद हो गया है। हिमपात के चलते मनाली-लेह मार्ग बंद हो गया है।

अटल टनल के साउथ पोर्टल पर 6 सेंटीमीटर बर्फ

धुंधी से अटल टनल के साउथ पोर्टल पर सड़क पर करीब दो से छह सेंटीमीटर तक बर्फ की परत जम गई। मनाली-लेह मार्ग दारचा से आगे बंद हो गया है। हालांकि शुक्रवार सुबह दो घंटे देरी से 10:00 बजे दारचा से लेह जाने वाले 75 वाहनों को जाने की अनुमति दी गई। सीमा सड़क संगठन की हरी झंडी मिलने के बाद सभी वाहनों को छोड़ा गया। लेह की तरफ से मनाली आने वाली गाड़ियों को ऊपशी में रोका गया।

कांगड़ा : धौलाधार की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी, रद रही विमान सेवा

जिला कांगड़ा में शुक्रवार को खराब मौसम होने के चलते इंडिगो और स्पाइस जेट की एक-एक विमान सेवा रद रही। सुबह 9:30 और दोपहर 1:00 बजे आने वाली ये दोनों फ्लाइट गगल एयरपोर्ट पर आसमान का चक्कर काट कर लौट गईं।धौलाधार की पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई है। जिला मुख्यालय धर्मशाला में में भी दोपहर बाद बारिश हुई। मंडी जिले की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फबारी हुई है।

आज भी बारिश व बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते आज भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में मौसम खराब बने रहने की संभावना जताई है। 12 नवंबर से प्रदेश में मौसम साफ रहेगा।

यह भी पढ़ें :

Connect With Us: Twitter Facebook

SHARE