Avoid This Food Combination: भारत में करोड़ों लोगों के दिन की शुरुआत चाय या कॉफी के साथ होती है। कई लोग तो बेड टी पीने के बाद ही उठते हैं। कई लोग ब्रेकफास्ट, लंच या शाम के स्नैक्स के साथ भी चाय-कॉफी पीने की आदत रखते हैं। क्या आप जानते हैं कि यह आदत आपके शरीर में आयरन की कमी का कारण बन सकती है? खासकर अगर आप आयरन रिच फूड्स जैसे पालक, दालें, राजमा, चना, बाजरा, गुड़ या रेड मीट के साथ या तुरंत बाद चाय-कॉफी पीते हैं, तो शरीर इन फूड्स से मिलने वाले आयरन को पूरी तरह अब्जॉर्ब नहीं कर पाता है। खाने के साथ चाय या कॉफी पीने की आदत आयरन की कमी और एनीमिया का खतरा बढ़ा सकती है। यह समस्या खासतौर से महिलाओं, बच्चों और टीनएजर्स में ज्यादा देखी जाती है।
चाय-कॉफी आयरन पर कैसे डालती है असर?
नई दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल के प्रिवेंटिव हेल्थ एंड वेलनेस डिपार्टमेंट की डायरेक्टर डॉ. सोनिया रावत ने बताया चाय में टैनिन और कॉफी में पॉलीफेनॉल्स जैसे नेचुरल कंपाउंड पाए जाते हैं। ये तत्व खाने में मौजूद नॉन-हीम आयरन के साथ जुड़कर ऐसे यौगिक बना देते हैं, जिन्हें शरीर आसानी से अवशोषित नहीं कर पाता। नॉन-हीम आयरन मुख्य रूप से प्लांट बेस्ड फूड्स जैसे पालक, मेथी, सरसों का साग, दालें, बीन्स, सोयाबीन, चना, राजमा, लोबिया, बाजरा, रागी, तिल और ड्राई फ्रूट्स में पाया जाता है। अगर इन फूड्स के साथ चाय या कॉफी पी जाती है, तो आयरन का अवशोषण काफी कम हो सकता है।
दोनों चीजों में कितना गैप रखना चाहिए?
डॉक्टर के मुताबिक आयरन से भरपूर फूड्स और चाय या कॉफी के बीच कम से कम 1 से 2 घंटे का अंतर रखना चाहिए। अगर आपने आयरन से भरपूर फूड्स खाना है, तो तुरंत चाय या कॉफी पीने से बचें। इसी तरह अगर पहले चाय या कॉफी पी है, तो आयरन रिच फूड्स खाने से पहले भी कुछ समय का अंतर रखें। यह छोटा-सा बदलाव शरीर को खाने से ज्यादा आयरन प्राप्त करने में मदद कर सकता है। कुछ लोगों में आयरन की कमी का खतरा पहले से अधिक होता है। इनमें गर्भवती महिलाएं, ब्रेस्टफीड कराने वाली महिलाएं, छोटे बच्चे, टीनएजर्स, शाकाहारी लोग और एनीमिया से पीड़ित मरीज शामिल हैं। इन लोगों के लिए आयरन का पर्याप्त अवशोषण बेहद जरूरी है। इसलिए उन्हें खाने के साथ चाय-कॉफी पीने से बचना चाहिए और डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
कौन-से फूड कॉम्बिनेशन फायदेमंद
एक्सपर्ट की मानें तो कुछ फूड्स शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाने में मदद करते हैं। विटामिन C से भरपूर फूड्स आयरन को बेहतर तरीके से अवशोषित होने में मदद करते हैं। आयरन रिच फूड्स के साथ आप नींबू का रस, आंवला, संतरा, मौसमी, अमरूद, कीवी, टमाटर, शिमला मिर्च या अन्य खट्टे फल शामिल कर सकते हैं। उदाहरण के लिए दाल या पालक के साथ नींबू का रस मिलाना, चने के सलाद में टमाटर और नींबू डालना या खाने के बाद विटामिन C युक्त फल खाना फायदेमंद माना जाता है। अगर आप डॉक्टर की सलाह पर आयरन की गोलियां या सप्लीमेंट ले रहे हैं, तो उन्हें चाय, कॉफी, दूध या कैल्शियम सप्लीमेंट के साथ लेने से बचें। आयरन की दवा को सामान्य पानी या डॉक्टर के निर्देशानुसार विटामिन C ड्रिंक के साथ लेना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।
क्या हर तरह के आयरन पर एक जैसा असर?
डॉक्टर रावत के अनुसार हीम आयरन मांस, मछली और पोल्ट्री से मिलता है, उसके अवशोषण पर चाय-कॉफी का प्रभाव कम होता है। जबकि नॉन-हीम आयरन, जो पौधों से प्राप्त होता है, वह चाय और कॉफी के कारण ज्यादा प्रभावित होता है। यही कारण है कि शाकाहारी लोगों को इस बात का खास खयाल रखना चाहि। चाय और कॉफी का सीमित मात्रा में सेवन स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित माना जाता है, लेकिन आयरन से भरपूर खाने के साथ या तुरंत बाद इनका सेवन करना सही नहीं है। अगर आप शरीर में आयरन की कमी से बचना चाहते हैं, तो भोजन और चाय-कॉफी के बीच कम से कम 1 से 2 घंटे का अंतर रखें।


