Food Combos to Avoid: खीरा, दूध-दही और टमाटर में क्यों नहीं मिलाना चाहिए नींबू? आयुर्वेद में क्या है विरुद्ध आहार का नियम

0
333
Ayurveda viruddha ahara food combinations, foods that should not be mixed with lemon, lemon and milk combination health effects, Ayurvedic rules for incompatible food pairing, cucumber tomato lemon food combination facts, traditional Ayurveda diet guidelines for digestion, आयुर्वेद का क्या है विरुद्ध आहार, नींबू और दूध का कॉम्बिनेशन, आयुर्वेद में भोजन के नियम, गलत फूड कॉम्बिनेशन
आयुर्वेद के अनुसार विरुद्ध प्रकृति वाले फूड्स को एक साथ नहीं खाना चाहिए।

Ayurveda Viruddha Ahara Rules: नींबू का इस्तेमाल खाने-पीने का स्वाद बढ़ाने में किया जाता है। नींबू को विटामिन C का अच्छा सोर्स माना जाता है और इस वजह से लोग हर चीज में नींबू निचोड़ देते हैं। अगर आप भी ऐसा करते हैं, तो सावधान होने की जरूरत है। सलाद में खीरे पर नींबू निचोड़ना, दही में खट्टापन बढ़ाने के लिए नींबू डालना या टमाटर वाली डिश में नींबू का रस मिलाना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। आयुर्वेद में कुछ ऐसे फूड कॉम्बिनेशन के बारे में बताया गया है, जिन्हें शरीर के लिए अनुकूल नहीं माना जाता है। आयुर्वेद में इन्हें विरुद्ध आहार कहा जाता है।

क्या है आयुर्वेद का विरुद्ध आहार सिद्धांत?

यूपी के प्रेम रघु आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल और वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. सरोज गौतम ने News18 को बताया आयुर्वेद में भोजन को केवल स्वाद या पोषण के आधार पर नहीं देखा जाता, बल्कि उसके गुण, तासीर, पाचन क्षमता और शरीर पर पड़ने वाले प्रभाव के आधार पर समझा जाता है। आयुर्वेद के अनुसार जब दो ऐसे फूड्स को एक साथ खाया जाता है, जिनका पाचन प्रभाव अलग-अलग हो, तो शरीर में असंतुलन पैदा हो सकता है। इससे पाचन अग्नि कमजोर हो सकती है। पेट में भारीपन और अपच की समस्या हो सकती है। शरीर में अपच से बने टॉक्सिक एलीमेंट्स का निर्माण बढ़ सकता है। इसी वजह से आयुर्वेद कुछ खाद्य पदार्थों को एक साथ खाने में सावधानी बरतने की सलाह देता है।

नींबू और दूध का कॉम्बिनेशन क्यों है गलत?

दूध को आयुर्वेद में संपूर्ण और पोषक आहार माना गया है। इसमें कैल्शियम, प्रोटीन और कई आवश्यक पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं नींबू खट्टे और अम्लीय गुण वाला फल है। जब नींबू को दूध में मिलाया जाता है तो दूध फट जाता है। नींबू में मौजूद एसिड दूध के प्रोटीन को अलग कर देता है। आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से खट्टे पदार्थों और दूध का कॉम्बिनेशन पाचन के लिए भारी माना जाता है। यह शरीर में पित्त दोष को बढ़ा सकता है। इसका सेवन करने से पेट में गैस, अपच, पेट भारी लगना और एसिडिटी जैसी समस्याएं महसूस हो सकती हैं। हालांकि दूध से बने कई प्रोडक्ट जैसे पनीर और चीज बनाने में भी नींबू का इस्तेमाल किया जाता है।

खीरा और नींबू का सेवन फायदेमंद या नहीं?

आयुर्वेदाचार्य के मुताबिक खीरा पानी से भरपूर और शरीर को ठंडक देने वाला माना जाता है। वहीं नींबू अम्लीय प्रकृति का होता है। आयुर्वेद के अनुसार दोनों की प्रकृति अलग होने के कारण कुछ लोगों में इनके संयोजन से पाचन संबंधी परेशानी हो सकती है। खीरे के साथ नींबू खाने के बाद कुछ लोगों को पेट फूलना, गैस, अपच जैसी समस्या हो सकती है। हालांकि वैज्ञानिक रूप से खीरे और नींबू का कॉम्बिनेशन नुकसानदायक नहीं माना जाता है।

टमाटर और नींबू का मेल शरीर के लिए कैसा है?

टमाटर और नींबू दोनों ही खट्टे स्वाद वाले खाद्य पदार्थ हैं और इनमें प्राकृतिक एसिड पाए जाते हैं। आयुर्वेद के अनुसार बहुत अधिक खट्टे पदार्थों का सेवन शरीर में पित्त दोष को बढ़ा सकता है। जिन लोगों को एसिड रिफ्लक्स, पेट में जलन, गैस की समस्या होती है, उन्हें ज्यादा खट्टे फूड्स के सेवन में सावधानी बरतनी चाहिए। दूसरी ओर टमाटर और नींबू दोनों में विटामिन, एंटीऑक्सीडेंट और अन्य पोषक तत्व होते हैं। इसलिए इन्हें पूरी तरह नुकसानदायक कहना सही नहीं होगा।

आयुर्वेद के अनुसार खाने के जरूरी नियम

आयुर्वेद में भोजन को शरीर की जरूरत और पाचन क्षमता के अनुसार लेने पर जोर दिया गया है। खाने को बैलेंस्ड रखना चाहिए। एक साथ बहुत ज्यादा चीजों को मिलाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ सकता है। हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है। किसी एक व्यक्ति को फायदा देने वाला भोजन दूसरे व्यक्ति के लिए परेशानी पैदा कर सकता है। आयुर्वेद के अनुसार ताजा और मौसम के अनुसार मिलने वाले फूड्स शरीर के लिए ज्यादा अनुकूल होते हैं। किसी भी फूड्स का अत्यधिक सेवन नुकसानदायक हो सकता है।

क्या नींबू के साथ इन चीजों का कॉम्बो खतरनाक?

आयुर्वेद का उद्देश्य लोगों को डराना नहीं, बल्कि सही तरीके से भोजन करने की सलाह देना है। ऐसा नहीं है कि खीरा, दूध, दही या टमाटर के साथ नींबू खाने वाला हर व्यक्ति बीमार हो जाएगा। स्वस्थ व्यक्ति अगर कभी-कभार कम मात्रा में इन चीजों का सेवन करता है तो आमतौर पर परेशानी नहीं होती। जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्या, एसिडिटी या किसी खाद्य पदार्थ से संवेदनशीलता है, उन्हें अपने शरीर की प्रतिक्रिया को ध्यान में रखकर भोजन करना चाहिए। इसलिए किसी भी फूड कॉम्बिनेशन को लेकर गलतफहमी से बचना चाहिए। अपनी पाचन क्षमता, शरीर की जरूरत को ध्यान में रखते हुए बैलेंस्ड डाइट लेनी चाहिए।

  • TAGS
  • [post_tags]