Dhanteras 2026: धनतेरस पर कितने दीये जलाने चाहिए? जानें 13 दीपक जलाने का सही तरीका और शुभ मुहूर्त

0
73

नई दिल्ली. पूरे देश में आज धनतेरस का त्योहार मनाया जा रहा है. इसके साथ ही पांच दिवसीय दीपोत्सव पर्व की शुरुआत हो गई है. इस दिन से घरों में दीप जलाने और दीपदान करने की परंपरा भी शुरू होती है. ऐसी धार्मिक मान्यता है कि धनतेरस से लेकर भाई दूज तक पांच दिनों में दीपदान का बेहद खास महत्व होता है. कार्तिक महीने में पूरे समय दीपदान करना शुभ माना जाता है.

धनतेरस के दिन लोग भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करते हैं. इसके साथ ही यमराज के नाम से भी दीपक जलाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन दीपदान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार पर भगवान की कृपा बनी रहती है. अब सवाल है कि धनतेरस पर कुल कितने दीपक जलाने चाहिए और इन्हें घर में कहां-कहां रखना शुभ माना जाता है? धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन 13 दीपक जलाना सबसे शुभ माना जाता है.

धनतेरस 2026 पर दीपक जलाने का शुभ मुहूर्त

शाम के समय धनतेरस के दिन दीपक जलाना शुभ माना जाता है. इस साल दीपक जलाने का शुभ मुहूर्त शाम 6:02 बजे से 7:57 बजे तक रहेगा. इस दौरान विधि-विधान से पूजा करने के बाद घर के अलग-अलग स्थानों पर दीपक जलाकर रखने चाहिए.

धनतेरस पर 13 दीपक कहां-कहां जलाएं?

धनतेरस पर धार्मिक मान्यताओं के अनुसार 13 दीपकों जलाया जाता है. जलाए जाने वाले दीपकों को घर में अलग-अलग स्थानों पर रखना चाहिए. जानिए किस दीपक को कहां रखना शुभ माना जाता है.

दीपक कहां जलाकर रखें
पहला दीपक घर के मंदिर में
दूसरा दीपक घर के बाहर दक्षिण दिशा में यमराज के लिए
तीसरा दीपक घर के मुख्य द्वार पर
चौथा दीपक तुलसी जी के पास
पांचवां दीपक घर की छत पर
छठा दीपक पीपल के पेड़ के नीचे
सातवां दीपक किसी मंदिर में
आठवां दीपक कूड़ेदान या कूड़े के पास
नौवां दीपक वॉशरूम के बाहर
दसवां दीपक घर की खिड़कियों के पास
ग्यारहवां दीपक रसोई घर में
बारहवां दीपक बेल वृक्ष के नीचे
तेरहवां दीपक घर के बीचोंबीच

दीपक जलाते समय बोलें यह मंत्र

धनतेरस पर दीपक जलाते समय भगवान कुबेर का मंत्र बोलना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि इस मंत्र के जाप से घर में धन-धान्य और सुख-समृद्धि बनी रहती है.

मंत्र:

ॐ यक्षाय कुबेराय वैश्रवणाय धनधान्याधिपतये धनधान्यसमृद्धिं मे देहि दापय स्वाहा॥

यमराज का दीपक कैसे जलाएं?

धनतेरस के दिन यमराज के नाम से दीप जलाने की परंपरा है. इसे यम दीपक कहा जाता है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन दक्षिण दिशा में दीपक जलाने से अकाल मृत्यु का भय दूर होता है. इससे परिवार की रक्षा होती है. यम दीपक जलाने के लिए आटे या मिट्टी का चौमुखा दीपक लें. इसमें सरसों या तिल का तेल भरकर चार बातियां लगाएं. शाम की पूजा के बाद इस दीपक को घर के बाहर दक्षिण दिशा की ओर जलाकर रखें.

दीपक जलाते समय इस मंत्र का जाप करें:

मंत्र:

मृत्युना पाशदण्डाभ्यां कालेन श्यामया सह।
त्रयोदश्यां दीपदानात् सूर्यजः प्रीयतां मम॥

इस तरह धनतेरस पर 13 दीपक जलाने और यम दीपदान करने की परंपरा निभाई जाती है. अपनी श्रद्धा और सामर्थ्य के अनुसार दीपदान करें और दीपक रखते समय आग से सुरक्षा का भी ध्यान रखें.

  • TAGS
  • [post_tags]