Shibani Dandekar Birthday Special: मनोरंजन की दुनिया में अपनी खास पहचान बनाने वाली शिबानी दांडेकर आज एक जाना-पहचाना नाम हैं. मॉडलिंग से करियर शुरू करने वाली शिबानी ने टेलीविजन होस्टिंग से लेकर फिल्मों तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. हालांकि, प्रोफेशनल लाइफ के अलावा अभिनेता फरहान अख्तर के साथ उनके रिश्ते ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं. 27 अगस्त 1980 को पुणे में जन्मीं शिबानी के जन्मदिन पर जानिए उनकी जिंदगी और करियर से जुड़े खास किस्से.
शिबानी दांडेकर का जन्म पुणे में हुआ था. उनके पिता शशिधर दांडेकर ऑस्ट्रेलिया में थिएटर आर्टिस्ट के रूप में काम करते थे, जबकि मां सुलभ दांडेकर कतर एयरवेज में कार्यरत थीं. शिबानी की दो बहनें अनुषा दांडेकर और अपेक्षा दांडेकर हैं. तीनों बहनों ने मिलकर डी-मेजर नाम का म्यूजिक बैंड भी बनाया था. अलग-अलग देशों में बचपन बीतने के कारण शिबानी को कम उम्र में ही विभिन्न संस्कृतियों और जीवनशैलियों को करीब से समझने का मौका मिला.
न्यूयॉर्क में शुरू की करियर की नई पारी
साल 2001 में शिबानी काम की तलाश में न्यूयॉर्क चली गईं. यहां उन्होंने अमेरिकन टेलीविजन के जरिए अपने करियर की शुरुआत की. ‘नमस्ते अमेरिका’, ‘वी देसी’ और ‘एशियन वैरायटी’ जैसे कार्यक्रमों की मेजबानी कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई. खास बात यह है कि अटलांटिक सिटी में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्हें सुपरस्टार शाहरुख खान को होस्ट करने का मौका भी मिला.
‘टाइमपास’ से फिल्मों में रखा कदम
कुछ समय अमेरिका में बिताने के बाद शिबानी भारत वापस लौटीं और मॉडलिंग तथा होस्टिंग जारी रखी. कई अंग्रेजी शोज का हिस्सा बनने के बाद उन्होंने 2014 में मराठी फिल्म ‘टाइमपास’ से अभिनय की शुरुआत की. इसके बाद 2015 में फिल्म ‘रॉय’ के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में कदम रखा.
शिबानी की निजी जिंदगी में फरहान अख्तर की एंट्री के बाद दोनों का रिश्ता लगातार चर्चा में रहा. लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद दोनों ने शादी कर ली. फरहान की यह दूसरी शादी है. इससे पहले उनकी शादी अधुना भबानी से हुई थी, लेकिन करीब 16 साल बाद दोनों अलग हो गए। इसके बाद फरहान और शिबानी ने अपने रिश्ते को शादी के मुकाम तक पहुंचाया.


