Filmmaker Shakeel Noorani Arrested: 73 साल के फिल्म निर्देशक शकील नूरानी को 33 साल की एक एक्ट्रेस से कथित दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार किया गया है. ये मामला मुंबई के मालवणी इलाके का बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, एक्ट्रेस ने नूरानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हिरासत में लिया है.
पुलिस शिकायत के मुताबिक, नूरानी ने एक्ट्रेस को एक आगामी फिल्म से जुड़ी बातचीत के लिए अपने घर बुलाया था. आरोप है कि बातचीत के बहाने एक्ट्रेस को मुंबई के मालवणी स्थित उनके घर बुलाया गया. वहां पहुंचने के बाद स्थिति कथित तौर पर बदल गई और एक्ट्रेस ने नूरानी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया.
नशीला पदार्थ देने का भी दावा
शिकायत में एक्ट्रेस ने आरोप लगाया है कि नूरानी ने उसे कथित तौर पर नशीला पदार्थ दिया था. इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया और वीडियो बनाया. एक्ट्रेस ने ये भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान या उसके बाद उसे धमकाया गया कि उसका वीडियो वायरल कर देंगे. पुलिस अब शिकायत में लगाए गए इन आरोपों की जांच कर रही है.
12 अगस्त तक पुलिस हिरासत
गिरफ्तारी के बाद शकील नूरानी को बोरीवली हॉलिडे कोर्ट में पेश किया गया. अदालत ने मामले की जांच के लिए उन्हें 12 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों, शिकायत में लगाए गए आरोपों और अन्य संभावित सबूतों की जांच कर रही है.
बॉलीवुड में लंबे समय से एक्टिव
शकील नूरानी फिल्म इंडस्ट्री में लंबे समय से एक्ट्रेस रहे हैं. वो लेखन, निर्माण और निर्देशन से जुड़े रहे हैं. उन्हें ‘बड़े दिलवाला’ (1999) और ‘जोरू का गुलाम’ (2000) जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है. फिलहाल मामले में लगाए गए आरोप पुलिस जांच का हिस्सा हैं और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट तस्वीर सामने आ सकेगी.


