KKK 15: छह मंजिल की ऊंचाई पर थमा खेल, डर के आगे हारीं शगुन शर्मा; शो से हुईं बाहर

0
103

Khatron Ke Khiladi 15: टीवी का चर्चित स्टंट रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ अब रोमांचक होने के साथ-साथ विवादों से भी घिरता नजर आ रहा है. हालिया एपिसोड में एक स्टंट के दौरान तीन कंटेस्टेंट्स के बिना कोशिश किए पीछे हटने पर होस्ट रोहित शेट्टी का पारा चढ़ गया. उनकी सख्त फटकार के बाद शगुन शर्मा को इस हफ्ते शो से बाहर होना पड़ा.

छह मंजिला ऊंचाई पर था खतरनाक स्टंट

इस सप्ताह कंटेस्टेंट्स के सामने ‘फिल्मी ब्लॉकबस्टर’ थीम के तहत खतरनाक स्टंट रखे गए. दूसरे टास्क में हर्ष गुजराल, जैस्मिन भसीन, शगुन शर्मा और ऋत्विक धनजानी को करीब छह मंजिला ऊंचाई पर बने टूटे हुए रोप ब्रिज के जरिए एक इमारत से दूसरी इमारत तक पहुंचना था. रास्ते में कुछ लकड़ी के प्लैंक ही सहारे के लिए मौजूद थे.

हर्ष गुजराल ने बिना प्रयास किए स्टंट से इनकार कर दिया. जैस्मिन भसीन ने शुरुआत की, लेकिन जल्द ही पीछे हट गईं. वहीं ऊंचाई देखकर शगुन शर्मा घबरा गईं और रोते हुए स्टंट छोड़ दिया. सिर्फ ऋत्विक धनजानी ने हिम्मत दिखाई और टास्क सफलतापूर्वक पूरा किया.

रोहित शेट्टी ने लगाई कंटेस्टेंट्स की क्लास

तीन खिलाड़ियों के पीछे हटने से रोहित शेट्टी बेहद नाराज हुए. शगुन की सफाई सुनने के बाद उन्होंने कहा, “बहुत हो गया! आधा सीजन बीत चुका है. ये ‘खतरों के खिलाड़ी’ है, कोई नया शो नहीं है. आप सब जानते हैं कि यहां ऊंचाई और पानी के स्टंट्स होंगे.”

उन्होंने आगे कहा, “अगर स्टंट नहीं करना है तो अपना सूटकेस उठाओ और भारत लौट जाओ.” रोहित ने यह भी साफ किया कि किसी से बिना सुरक्षा के जोखिम उठाने के लिए नहीं कहा गया था और कम से कम कोशिश करना जरूरी है.

डर के दबाव में हारीं शगुन शर्मा

इसके बाद तीनों कंटेस्टेंट्स को ‘फियर फंदा’ मिला और उन्हें साफ अल्टीमेटम दिया गया कि स्टंट से बचने के बजाय शो छोड़ना बेहतर है. एलिमिनेशन टास्क में शगुन ने प्रयास जरूर किया, लेकिन घबराहट और दबाव के कारण वह निर्धारित समय में टास्क पूरा नहीं कर सकीं. नतीजतन, शगुन शर्मा ‘खतरों के खिलाड़ी 15’ से एलिमिनेट हो गईं.

 

  • TAGS
  • [post_tags]