Hanuman Ansh 2 Movie Update: ‘हनुमान अंश’ के बाद क्या आएगा पार्ट 2! नीम करौली बाबा की कहानी में होगा बड़ा ट्विस्ट

0
108
Hanuman Ansh 2 Movie Update: ‘हनुमान अंश’ ने कम बजट में बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल की है. फिल्म की लोकप्रियता के बाद अब पार्ट 2 को लेकर लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं तो आइए जानते हैं कि क्या पार्ट 2 आएगा.

Hanuman Ansh 2 Movie Update: फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. सीमित बजट, बिना बड़ी स्टारकास्ट और भारी-भरकम वीएफएक्स के बावजूद फिल्म ने दर्शकों के बीच अपनी मजबूत जगह बना ली है. इसकी कहानी और संत नीम करौली बाबा की हनुमान भक्ति को दर्शाने का अंदाज लोगों को खासा पसंद आ रहा है.

सिर्फ 2 करोड़ के बजट में शानदार कमाई

‘हनुमान अंश’ का बजट करीब 1.8 से 2 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. शुरुआती दौर में फिल्म का प्रमोशन भी बड़े स्तर पर नहीं हुआ था, लेकिन सिनेमाघरों से निकलने वाले दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने इसकी रफ्तार बढ़ा दी.

फिल्म ने शुरुआत में लाखों रुपये का कारोबार किया, जो देखते ही देखते करोड़ों में बदल गया. बीते दिन फिल्म ने 12 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की. इसका ग्रॉस बॉक्स ऑफिस कलेक्शन जल्द ही 50 करोड़ रुपये के करीब पहुंचने की उम्मीद है. अगर आने वाले दिनों में दर्शकों का यही प्यार बरकरार रहा, तो फिल्म 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार कर सकती है.

संत नीम करौली बाबा के भारत समेत दुनियाभर में लाखों अनुयायी हैं. फिल्म में उनके जीवन, आध्यात्मिक यात्रा और हनुमान भक्ति को प्रमुखता से पेश किया गया है.

‘हनुमान अंश 2’ पर शुरू हुआ काम

फिल्म का पहला हिस्सा सीक्वल की ओर इशारा करते हुए खत्म होता है. अंत में दिखाए गए संदेश से साफ हो जाता है कि नीम करौली बाबा की कहानी अभी अधूरी है. अब फिल्म के राइटर-डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने पुष्टि की है कि दूसरे पार्ट पर काम शुरू हो चुका है.

फिरोजाबाद से आगरा-मथुरा तक दिखेगी कहानी

विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, ‘हनुमान अंश 2’ में नीम करौली बाबा के जन्मस्थान फिरोजाबाद को केंद्र में रखा जाएगा. इसके बाद कहानी उनके जीवन से जुड़े आगरा और मथुरा तक पहुंचेगी. उनका परिवार आगरा में रहता था.

‘हनुमान अंश’ का आधिकारिक ऐलान 20 फरवरी को किया गया था. उस समय मेकर्स ने बताया था कि यह फिल्म ट्रिलॉजी का हिस्सा होगी और ‘डिवाइन डिटूर’ किताब से प्रेरित है. हालांकि, पार्ट 2 की शूटिंग कब शुरू होगी, इसकी आधिकारिक तारीख अभी सामने नहीं आई है.