Drishyam: The Conclusion Release Date Reveal: बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की मचअवेटेड फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. फिल्म के निर्माताओं ने इसकी रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है. रिलीज डेट सामने आते ही अजय देवगन के फैंस के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है. अब लोगों को एक बार फिर विजय सालगांवकर की कहानी बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगी.
अजय देवगन ने पोस्टर के साथ दी जानकारी
अजय देवगन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर साझा करते हुए रिलीज डेट की जानकारी दी. पोस्ट के कैप्शन में अभिनेता ने लिखा, ‘हर इंसान का नजरिया अलग होता है, मेरे लिए मेरी फैमिली ही सब कुछ है.’ इसके साथ उन्होंने बताया कि Drishyam: The Conclusion को 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.
फिल्म की रिलीज डेट सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है. नए पोस्टर ने भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ा दी है.
सोशल मीडिया पर फैंस का जबरदस्त रिएक्शन
अजय देवगन की पोस्ट पर यूजर्स ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कई तरह की प्रतिक्रियाएं दीं. एक यूजर ने लिखा, “क्या कमाल का सरप्राइज है.” वहीं दूसरे यूजर ने फिल्म को लेकर कहा, “500 करोड़ की ब्लॉकबस्टर आ रही है.” एक अन्य फैन ने लिखा, “इस मास्टरपीस के लिए सुपर एक्साइटेड हूं.” इन प्रतिक्रियाओं से साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है.
‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की आखिरी फिल्म
‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ लोकप्रिय सस्पेंस-थ्रिलर फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ की तीसरी और अंतिम किस्त है. इस फ्रेंचाइजी की कहानी मूल मलयालम फिल्म और हिंदी रीमेक के जरिए दर्शकों तक पहुंची है और दोनों संस्करणों को खूब पसंद किया गया.
फिल्म में विजय सालगांवकर एक बार फिर अपने परिवार को पुलिस से बचाने के लिए अपनी ‘चौथी फेल’ वाली समझदारी का इस्तेमाल करते नजर आएंगे. कहानी में इस बार कौन से नए ट्विस्ट और सस्पेंस देखने को मिलेंगे, इसका खुलासा फिल्म रिलीज के बाद ही होगा. अगर आपने पिछली ‘दृश्यम’ फिल्में नहीं देखी हैं, तो उन्हें जियोहॉटस्टार और प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है.


