Amitabh Bachchan Health Update: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन एक बार फिर अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं. 83 साल की उम्र में भी अपनी दमदार अदाकारी और शानदार व्यक्तित्व से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले बिग बी के स्वास्थ्य से जुड़ी खबर सामने आने के बाद उनके फैंस चिंतित हो गए.
अमिताभ बच्चन ने खुद अपने ऑफिशियल ब्लॉग के जरिए अपनी तबीयत को लेकर जानकारी शेयर की. उन्होंने बताया कि अस्पताल में इलाज और ICU में डॉक्टरों की निगरानी के बाद अब वो घर लौट चुके हैं. फिलहाल वो अपने मुंबई स्थित घर ‘जलसा’ में आराम कर रहे हैं और धीरे-धीरे रिकवरी की ओर बढ़ रहे हैं.
ICU में इलाज के बाद घर लौटे अमिताभ बच्चन
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में बताया कि अस्पताल में सर्जरी और ICU में मेडिकल टीम की देखरेख के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई है. उन्होंने अपने स्वास्थ्य को लेकर फैंस को अपडेट देते हुए कहा कि अस्पताल से वापस आने के बाद का शुरुआती समय शरीर और मन दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है.
बिग बी ने ये भी संकेत दिया कि रिकवरी की प्रक्रिया आसान नहीं होती, लेकिन वो धीरे-धीरे अपनी सामान्य दिनचर्या में लौटने की कोशिश कर रहे हैं. उनकी इस जानकारी के बाद फैंस ने राहत की सांस ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
बीमारी और सर्जरी को लेकर नहीं दी जानकारी
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में इस बात का खुलासा नहीं किया कि उन्हें किस स्वास्थ्य समस्या के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था या किस प्रकार की सर्जरी हुई. उन्होंने अपनी मेडिकल स्थिति से जुड़ी निजी जानकारी साझा नहीं की. हालांकि, उन्होंने अपने प्रशंसकों का आभार जरूर जताया, जिन्होंने उनकी तबीयत को लेकर चिंता जाहिर की और लगातार उनके लिए दुआएं व शुभकामनाएं भेजीं.
अमिताभ बच्चन की लोकप्रियता सिर्फ उनकी फिल्मों तक सीमित नहीं है. दशकों से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले बिग बी की सेहत से जुड़ी हर खबर उनके प्रशंसकों के लिए महत्वपूर्ण होती है.


