Sharad Kapoor News: तंगहाली से जूझ रहे बॉलीवुड अभिनेता शरद कपूर का वीडियो सामने आने के बाद कई लोग उनकी मदद करने के लिए आगे आए। हालांकि, कुछ ऐसे भी लोग हैं जिन्होंने उनकी मजबूरी का फायदा उठाया। अभिनेता की दोस्त हेमा चौधरी लगातार उनकी स्थिति से जुड़े अपडेट साझा कर रही हैं और फिलहाल उनकी देखभाल कर रही हैं। इस बीच कुछ लोग शरद की मदद के नाम पर सोशल मीडिया पर अपनी लोकप्रियता बढ़ाने में जुट गए हैं। उन्होंने ऐसे लोगों पर नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि कई इंफ्लुएंसर्स अभिनेता की परेशानी का फायदा उठाकर फर्जी वीडियो बना रहे हैं। खुद शरद कपूर ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी है।
View this post on Instagram
फायदे के लिए लंच पर ले गए
हेमा ने कुछ लोगों के व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति शरद को लंच के बहाने अपने साथ ले गया और उनसे यह कहलवाया कि अगर किसी को एक्टिंग में काम चाहिए तो वह एक गुरुजी के जरिए मदद कर सकते हैं। हेमा ने सवाल उठाया कि जब शरद खुद काम और आर्थिक सहायता की जरूरत में हैं, तो वह दूसरों को कैसे काम दिला सकते हैं। उनका कहना था कि पहले अभिनेता को आत्मनिर्भर बनने और अपनी जिंदगी संभालने का मौका दिया जाना चाहिए।
पैसे देकर वापस लिए
उन्होंने एक अन्य व्यक्ति पर भी आरोप लगाया कि उसने शरद को कुछ पैसे दिए और फिर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर यह दिखाया कि वह उनकी मदद कर रहा है। हेमा के मुताबिक, वीडियो रिकॉर्ड होने के बाद उस व्यक्ति ने पैसे वापस ले लिए। जब उन्होंने शरद से इस बारे में पूछा तो अभिनेता ने बताया कि वह उस शख्स को जानते तक नहीं थे और उन्हें समझ नहीं आया कि उनके साथ क्या हो रहा है।
‘अब किसी से नहीं मिलूंगा’
हेमा ने अपने पोस्ट में शरद का एक वीडियो भी साझा किया, जिसमें अभिनेता ने खुद इस पूरे मामले पर बात की। उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री, अपने प्रशंसकों और बेजुबान शेल्टर्स का आभार जताया। शरद ने कहा कि सोशल मीडिया पर उनके हाथ में नकदी दिखाकर कई गलत बातें पेश की जा रही हैं। उन्हें यह तक समझ नहीं आया कि कौन व्यक्ति क्या कर रहा है। उनसे केवल पैसे पकड़ने के लिए कहा गया था। अभिनेता ने इस व्यवहार को अपमानजनक बताते हुए कहा कि अब वह किसी से नहीं मिलेंगे। अगर कोई उनसे मिलने आएगा तो वह हाथ जोड़कर अभिवादन करेंगे। उन्हें किसी तरह की मदद की जरूरत होगी तो लोग सीधे हेमा चौधरी या उनसे संपर्क कर सकते हैं।
सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट
हेमा ने लोगों को आगाह करते हुए यह भी स्पष्ट किया कि शरद कपूर के नाम से चल रहे सोशल मीडिया अकाउंट्स से उनका कोई संबंध नहीं है। उनके मुताबिक ये सभी अकाउंट फर्जी हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे किसी अकाउंट पर भरोसा न करें और न ही किसी के कहने पर पैसे दान करें।


