न कोई बड़ा सुपरस्टार, न करोड़ों का बजट… फिर भी 136 हफ्ते हाउसफुल रही ये फिल्म, आज भी है लोग दीवाने

0
183

Guess The Film: बॉलीवुड में बड़ी सफलता के लिए हमेशा करोड़ों का बजट, बड़े सितारे और भव्य सेट जरूरी नहीं होते. कभी गांव की सादगी, रिश्तों की मिठास और मिट्टी से जुड़ी कहानी भी लोगों के दिल में ऐसी जगह बना लेती है कि फिल्म इतिहास रच देती है. 1982 में रिलीज हुई ‘नदिया के पार’ ऐसी ही यादगार फिल्म है, जिसका जादू 44 साल बाद भी कायम है.

सिर्फ 18 लाख रुपये था बजट

80 का दशक हिंदी सिनेमा के लिए खास था. सिंगल स्क्रीन थिएटरों के बाहर लंबी कतारें आम थीं. इसी दौर में राजश्री प्रोडक्शंस ने ‘नदिया के पार’ जैसी पारिवारिक फिल्म पेश की. जहां उस समय बैनर की सामान्य फिल्मों का बजट करीब 50 से 60 लाख रुपये रहता था, वहीं इस फिल्म को महज 18 लाख रुपये में तैयार किया गया.

कम बजट के बावजूद कहानी, संगीत और प्रस्तुति से कोई समझौता नहीं किया गया. खास बात यह है कि फिल्म की शूटिंग केवल 45 दिनों में पूरी कर ली गई थी.

जौनपुर के गांव में हुई ज्यादातर शूटिंग

‘नदिया के पार’ की सबसे बड़ी खासियत इसका देसीपन था. गांव की वास्तविकता पर्दे पर उतारने के लिए स्टूडियो सेट के बजाय असली लोकेशन चुनी गई. फिल्म की ज्यादातर शूटिंग उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के विजयपुर गांव में हुई.

असली घरों, खेतों और ग्रामीण माहौल ने फिल्म को इतनी जीवंतता दी कि दर्शकों को कहानी अपने आसपास की लगने लगी. हालांकि फिल्म का क्लाइमैक्स मुंबई में फिल्माया गया, लेकिन निर्देशन और एडिटिंग ने दोनों लोकेशन के बीच बदलाव को सहज बनाए रखा.

136 हफ्तों तक हाउसफुल रही फिल्म

सचिन पिलगांवकर और साधना सिंह की ‘चंदन-गुंजा’ की मासूम प्रेम कहानी ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की. इलाहाबाद में फिल्म लगातार 136 हफ्तों यानी 952 दिनों तक हाउसफुल चली. दर्शक ट्रैक्टरों, ट्रकों और बैलगाड़ियों से परिवार और गांव के लोगों के साथ फिल्म देखने पहुंचते थे.

सचिन पिलगांवकर ने ‘राजश्री’ को दिए एक इंटरव्यू में इस यादगार सफलता का जिक्र करते हुए बताया था कि फिल्म का 136वां हफ्ता देखकर वह बेहद खुश हुए थे.

आज भी कायम है ‘नदिया के पार’ का जादू

आज तकनीक और दर्शकों की पसंद भले बदल गई हो, लेकिन ‘नदिया के पार’ की लोकप्रियता कम नहीं हुई. फिल्म की कहानी और गाने आज भी नई पीढ़ी, यहां तक कि जेन जी को भी पसंद आते हैं. यह फिल्म साबित करती है कि दमदार कहानी और सच्ची भावनाएं बड़े बजट से कहीं ज्यादा ताकतवर हो सकती हैं.

 

  • TAGS
  • [post_tags]