प्रतिदिन करें एक सेब का सेवन, मिलेंगे आश्‍चर्यजनक फायदे

0
310

आपने अक्सर लोगों के मुंह से सुना होगा कि एन एप्पल इन ए डे, कीप्स द डॉक्टर अवे। अर्थात अगर आप स्वस्थ रहना चाहते हैं तो आपको प्रतिदिन एक सेब का सेवन करना चाहिए। यह जुमला ही सेब के गुणों का बखान करता है। आमतौर पर लोग यह तो जानते हैं कि सेब का सेवन स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है लेकिन वास्तव में इससे सेहत को क्या लाभ प्राप्त होते हैं, इसके बारे में लोग नहीं जानते। तो चलिए आज हम आपको इससे मिलने वाले कुछ फायदों के बारे में बताते हैं−

पाचन तंत्र में लाभदायक
सेब आपके पेट के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें वैसे तो फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है लेकिन इसके साथ−साथ यह आपके पेट संबंधी परेशानियों को दूर करने में भी एक अहम भूमिका निभाता है। खासतौर से, जिन लोगों को कब्ज आदि की शिकायत होती है, उन्हें तो विशेष रूप से प्रतिदिन एक सेब का सेवन करना चाहिए।

एनिमिया का उपचार
इस बात से तो आप वाकिफ ही होंगे कि भारत देश में अधिकतर लोग एनिमिक हैं। खासतौर से, महिलाओं में आयरन की मात्रा काफी कम पायी जाती है। ऐसे में प्रतिदिन सेब का सेवन करने से उन्हें काफी फायदा होता है क्योंकि इसमें आयरन काफी मात्रा में पाया जाता है।

मधुमेह नियंत्रण
भले ही सेब स्वाद में मीठा हो लेकिन फिर भी इसे मधुमेह के रोगियों को खाने की सलाह दी जाती है क्योंकि यह रक्त में शुगर लेवल को कंट्रोल करने का माद्दा रखती है।

दांत बनाए स्वस्थ
शायद आपको जानकर हैरानी हो लेकिन वास्तव में सेब आपके दांतों को स्वस्थ बनाने का काम भी करता है। दरअसल, जब आप सेब को चबाकर खाते हैं तो इससे आपके मुंह में लार का उत्पादन तेज होता है। इतना ही नहीं, यह बैक्टीरिया को कम करके दांतों को भी नुकसान पहुंचाने से बचाता है।

वेट लॉस में करता है मदद
आजकल जिसे देखो, अपने बढ़ते वजन को लेकर चिंतित रहता है। ऐसे लोगों को अपनी डाइट में सेब को अवश्य शामिल करना चाहिए। बहुत से शोध व स्टडी इस ओर इशारा करती हैं कि सेब के सेवन से काफी हद तक वजन कम किया जा सकता है। ऐसा उसमें मौजूद फाइबर के कारण होता है। जब आप सेब का सेवन करते हैं तो आपको काफी देर तक पेट भरे होने का अहसास होता है और आप अतिरिक्त कैलोरी के सेवन से बच जाते हैं।

SHARE