District level Geeta Mahotsav : जिला में होने वाले स्तरीय गीता महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी : उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार दहिया

0
97
District level Geeta Mahotsav

Aaj Samaj (आज समाज),District level Geeta Mahotsav, पानीपत :  उपायुक्त वीरेन्द्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला में होने वाले स्तरीय गीता महोत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि 21 दिसम्बर वीरवार को प्रातः: 10.30 बजे से शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा हैदराबादी रामलीला ग्राउंड, सनौली रोड एवं मुल्तान भवन मॉडल टाउन से चलकर दोनों यात्राएं मिलकर इंसार बाजार होते हुए देवी मंदिर तक जाएंगी। उपायुक्त ने बताया कि शोभा यात्रा के समापन पर पूज्य महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज का आशीर्वचन मिलेगा। उन्होंने बताया कि 22 दिसम्बर शुक्रवार को आर्य कॉलेज पानीपत में प्रात: 9 बजे हवन यज्ञ के साथ गीता महोत्सव की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शनी का शुभारम्भ भी किया जाएगा व रंगोली प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि प्रात: 11 बजे जिला कारागार में गीता पाठ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी की जाएगी और साथ ही आर्य कॉलेज के मैदान में भी 11 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दोपहर पूर्व 3 बजे आर्य कॉलेज सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जाएगा।

 

प्रातः 11 बजे एक मिनट एक साथ गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा

23 दिसम्बर को प्रातः 10 बजे आर्य कॉलेज में प्रदर्शनी व प्रातः 11 बजे एक मिनट एक साथ गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रात: 11 बजकर 5 मिनट से स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दोपहर 12 बजे गीता श्लोक उच्चारण किया जाएगा। दोपहर 12:30 बजे आर्य कॉलेज में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 23 दिसम्बर को ही दोपहर 2.30 बजे आर्य कॉलेज में आरती और समापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा सायं 5 बजे देवी मंदिर पानीपत, तिरखु तीर्थ स्थल पाथरी और श्री श्याम बाबा धाम चुलकाना में दीप दान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सायं 6.30 बजे कोरोना काल में काल कल्वित हुए लोगों की स्मृति में पानीपत लाल बत्ती स्थित स्थल पर भी दीपक जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी। उन्होंने कहा कि यह जिला स्तरीय गीता महोत्सव भव्य रूप से मनाया जाएगा जिसमें जिला की सभी सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं अपना सहयोग कर रही हैं। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे गीता महोत्सव में जरूर पधारें।

 

SHARE