Congress will form next government in Haryana, people reject ruling party – Kumari Selja: हरियाणा में कांग्रेस बनाएगी अगली सरकार, जनता ने सत्तारूढ़ पार्टी को नकारा-कुमारी शैलजा

0
253

नई दिल्ली। हरियाणा के विधानसभा चुनावों के परिणाम चौकांने वाले आए हैं। हरियाणा में भाजपा की सरकार थी लेकिन अब जो तस्वीर सामने आ रही है उसमें किसी को पूर्ण बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है। त्रिशंकु विधानसभा की तस्वीर बन रही है। हरियाणा में जोड़ तोड़ की कोशिशें तेज हो गर्इं हैें। इस बीच कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि राज्य की आम जनता ने सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा और उनके कामों को नकार दिया है। उनकी यह नैतिक हार हुई है। उन्होंने ट्वीट किया और कहा कि ”हरियाणा के जनादेश से स्पष्ट है कि जनमत भाजपा को नकार चुका है। यह भाजपा की चुनावी हार के साथ ही नैतिक पराजय भी है। कांग्रेस प्रदेश में सरकार बनाने जा रही है।” चुनाव आयोग के साढ़े ग्यारह बजे के आंकड़ों के अनुसार, राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा 37, कांग्रेस 31 और जननायक जनता पार्टी 11 सीटों पर आगे चल रही है। हरियाणा में सोमवार को मतदान हुआ था हालांकि मतदान पिछली बार की अपेक्षा कुछ धीमा रहा। हरियाणा में 68 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया था।
भाजपा की झूठ की राजनीति नहीं चली-कुमारी शैलजा
कुमारी शैलजा ने कहा कि हम लोगों के बीच गए। आम जनता से मिले। हम जानते थे कि भाजपा की सरकार के पांव उखड़ चुके हैं। इसके बाद कांग्रेस पार्टी विधान सभा चुनावों में मजबूती से उतरी। हरियाणा के मुद्दों आम लोगों से जुड़े मुद्दों को अच्छे से उठाया। हमें विश्वास है कि हम सरकार बनाएंगे। भाजपा की झूठ की राजनीति नहीं चली। जनता ने इसको नकार दिया है। बता दें कि हरियाणा में रुझानों के अनुसार अब तक पूर्ण बहुमत मिलता किसी पार्टी को नहीं दिख रहा है। सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा भी सरकार बनाने के जादूई आंकड़े तक नहीं पहुंच पा रही है। रुझानों के अनुसार जेजेपी सरकार बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

SHARE