Chandrayaan-3 Update: पृथ्वी की कक्षा का चक्कर पूरा कर चांद की तरफ बढ़ा चंद्रयान-3

0
270
Chandrayaan-3 Update
पृथ्वी की कक्षा का चक्कर पूरा कर चांद की तरफ बढ़ा चंद्रयान-3

Aaj Samaj (आज समाज), Chandrayaan-3 Update, नई दिल्ली: चंद्रयान-3 पृथ्वी की कक्षा को छोड़कर चांद की तरफ बढ़ गया है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी है। इसरो ने चार जुलाई को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से दोपहर दो बजकर 35 मिनट पर अपनी महत्वकांक्षी योजना के तहत अंतरिक्षयान चंद्रयान-3 को रवाना किया था।

अगला कदम चांद, पांच अगस्त अहम

संगठन की ओर से मंगलवार को बयान जारी कर बताया गया कि अंतरिक्षयान ‘चंद्रयान-3 ने पृथ्वी की कक्षा का चक्कर पूरा कर लिया है और अब यह चांद की तरफ बढ़ रहा है।’ इसरो ने बताया कि टेलीमेट्री, ट्रैकिंग और कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) से सफलतापूर्वक पेरिजी फायरिंग की गई, जिसके बाद अंतरिक्षयान ने चांद की अपनी यात्रा शुरू कर दी है। अगला कदम चांद है और पांच अगस्त का दिन अहम है। उस दिन चंद्रयान-3 अंतरिक्षयान चांद की कक्षा में प्रवेश करेगा।

16 अगस्त तक चांद की कक्षा में चक्कर लगाएगा

16 अगस्त तक अंतरिक्षयान चांद की कक्षा में चक्कर लगाएगा। 17 अगस्त को चंद्रमा की सतह से 100 किमी ऊपर प्रोपल्शन मॉड्यूल से लैंडर अलग होगा और 23 अगस्त को शाम पांच बजकर 47 मिनट पर चंद्रयान-3 को चांद की सतह पर लैंडिंग करनी है।

यान में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल मौजूद

चंद्रयान-3 में लैंडर, रोवर और प्रोपल्शन मॉड्यूल हैं। लैंडर और रोवर चांद के दक्षिण ध्रुव पर उतरेंगे और 14 दिन तक वहां प्रयोग करेंगे। इस मिशन के जरिए इसरो पता लगाएगा कि चांद की सतह पर भूकंप कैसे आते हैं साथ ही चंद्रमा की मिट्टी का अध्ययन भी करेगा।

यह भी पढ़ें : 

Connect With Us: Twitter Facebook

 

SHARE